महाराष्ट्र के ठाणे जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक चार वर्षीय मासूम बच्चे की उसकी मां के प्रेमी ने कथित तौर पर बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ने इस अपराध को छिपाने के लिए हत्या को स्वाभाविक मृत्यु दिखाने की कोशिश की, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने उसके दावों की पोल खोल दी।
यह पूरी घटना ठाणे के काशीमीरा थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शंभू शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक बच्चे की मां आरोपी शंभू शर्मा के साथ रहती थी। घटना वाले दिन आरोपी ने घर के भीतर मासूम पर बेहद बेरहमी से हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शरीर पर चोट के निशान मिले
वारदात के बाद आरोपी ने मामले को रफा-दफा करने और पुलिस को गुमराह करने के लिए इसे एक सामान्य या स्वाभाविक मौत दिखाने का प्रयास किया। हालांकि, जब पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा किया, तो अधिकारियों को बच्चे के शरीर पर कई संदिग्ध चोटों के निशान मिले। इसके बाद पुलिस ने तुरंत शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
मंगलवार को आई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में यह पुष्टि हुई कि बच्चे की मौत किसी बीमारी या स्वाभाविक कारणों से नहीं, बल्कि शरीर पर लगी गंभीर आंतरिक चोटों की वजह से हुई है। रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ करते हुए शंभू शर्मा को हिरासत में लिया। पुलिसिया पूछताछ के आगे आरोपी ज्यादा देर टिक नहीं सका और उसने बच्चे की बेरहमी से पिटाई करने की बात कबूल कर ली।
हत्या के पीछे की क्या है वजह?
काशीमीरा थाना पुलिस ने आरोपी शंभू शर्मा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी तक इस हत्या के पीछे के मुख्य मकसद का पता नहीं चल पाया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। हम इस बात की गहनता से जांच कर रहे हैं कि आरोपी ने बच्चे पर इतना घातक हमला क्यों किया। साथ ही, इस पर भी तफ्तीश की जा रही है कि क्या बच्चे की मां को इस पूरी वारदात की जानकारी थी या उसकी इसमें कोई भूमिका थी?
ये भी पढ़ें-
पश्चिम बंगाल में टूट गई ममता बनर्जी की TMC, ऋतब्रत बनर्जी को विपक्ष का नेता चुना गया
महाराष्ट्र में अब स्कूल बस के लिए देने होंगे ज्यादा पैसे, फीस में इतने प्रतिशत की हुई बढ़ोतरी
Latest Crime News