शिमला: शिमला के प्रसिद्ध श्री संकट मोचन मंदिर में चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात व्यक्ति मंदिर के गर्भगृह से भगवान के चांदी के तीन मुकुट और माता सीता की करीब एक तोला वजनी सोने की नथ चोरी कर ले गया। इसके अलावा मंदिर में रखे दानपात्र से भी नकदी चोरी किए जाने की जानकारी सामने आई है।
मामले को लेकर पुलिस थाना पश्चिम, जिला शिमला में अभियोग संख्या 236/2026, दिनांक 1 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(D) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जिला शिमला पुलिस चोरी की इस वारदात की गहनता से जांच कर रही है और चोरी में संलिप्त अज्ञात व्यक्ति का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल मामले में आगामी जांच जारी है।
पुलिस ने क्या बताया?
पुलिस ने प्रेस नोट जारी कर बताया, "जिला शिमला के श्री संकट मोचन मंदिर में चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात व्यक्ति द्वारा मंदिर के गर्भगृह से भगवान के चांदी के तीन मुकुट तथा माता सीता की लगभग एक तोला वजनी सोने की नथ चोरी कर ली गई। इसके अतिरिक्त मंदिर में रखे दानपात्र से नकदी भी चोरी की गई है। इस संबंध में पुलिस थाना पश्चिम, जिला शिमला में अभियोग संख्या 236/2026, दिनांक 01.11.2026, धारा 331(4), 305(D) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगामी जांच अमल में लाई जा रही है।
जिला शिमला पुलिस द्वारा मामले की गहनता से जांच की जा रही है तथा चोरी की घटना में संलिप्त व्यक्ति का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।"
सीसीटीवी में एक संदिग्ध दिखा, पुलिस ने की जनता से अपील
उक्त मामले की जांच के दौरान CCTV फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया है, जिसकी तस्वीर आम जनता के साथ साझा की जा रही है। यदि कोई व्यक्ति तस्वीर में दिखाई दे रहे व्यक्ति को पहचानता है अथवा उसके संबंध में कोई जानकारी रखता है, तो कृपया तुरंत पुलिस थाना बालूगंज अथवा जिला शिमला पुलिस को सूचित करें।
इस घटना के सामने आने के बाद से इलाके में हड़कंप है और लोगों में चोर के प्रति गुस्सा दिख रहा है।
इससे पहले खबर सामने आई थी कि दिल्ली-NCR में कार चोरी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह बेनकाब हुआ है। 5 गाड़ियां बरामद हुई हैं और अमृतसर से दो आरोपी गिरफ्तार हुए हैं। (रिपोर्ट- कपिल ठाकुर)
ये भी पढ़ें-
'साहब आज के बाद बकरा चोरी नहीं करूंगा', बदमाश की पुलिस से मुठभेड़, गोली लगते ही मांगने लगा माफी
Latest Crime News