1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली-NCR में कार चोरी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह बेनकाब, 5 गाड़ियां बरामद; अमृतसर से दो आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली-NCR में कार चोरी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह बेनकाब, 5 गाड़ियां बरामद; अमृतसर से दो आरोपी गिरफ्तार

 Published : Oct 21, 2026 07:03 pm IST,  Updated : Oct 21, 2026 07:03 pm IST

दिल्ली पुलिस की एंटी-ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड ने पंजाब में कार्रवाई कर दो कथित कार चोरों को पकड़ा। जांच में सामने आया कि गिरोह दिल्ली-एनसीआर से गाड़ियों की चोरी करता और फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उन्हें पंजाब ले जाता था। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

delhi police car theft racket busted- India TV Hindi
अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का खुलासा Image Source : ANI

दिल्ली पुलिस ने कार चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पंजाब के अमृतसर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की पांच गाड़ियां बरामद की हैं। इनमें चार हुंडई क्रेटा और एक मारुति सुजुकी डिजायर शामिल हैं। इस कार्रवाई से दिल्ली में दर्ज वाहन चोरी के पांच मामलों को सुलझाने में मदद मिली है।

अमृतसर से दो आरोपी गिरफ्तारdelhi

दिल्ली पुलिस के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की एंटी-ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) ने अंतरराज्यीय कार चोरी गिरोह के खिलाफ कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शमशेर (33) और रिंकू उर्फ रिंकी (39) के रूप में हुई है। दोनों पंजाब के अमृतसर जिले के जंडियाला गुरु के रहने वाले हैं। पुलिस ने पांच चोरी की कारें बरामद की हैं, जिनमें चार हुंडई क्रेटा और एक मारुति सुजुकी डिजायर शामिल हैं।

राजेंद्र नगर में चोरी से शुरू हुई जांच

पुलिस के मुताबिक, 14 अक्टूबर को ओल्ड राजेंद्र नगर में एक घर के बाहर खड़ी सफेद हुंडई क्रेटा चोरी होने की शिकायत मिली थी। इस संबंध में राजेंद्र नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत ई-एफआईआर दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएटीएस सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप डबास के नेतृत्व में टीम बनाई गई। एसीपी (ऑपरेशंस) पदम सिंह राणा की निगरानी में जांच शुरू हुई।

फर्जी नंबर प्लेट लगाकर पंजाब ले जाते थे कारें

सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह के अनुसार, पुलिस ने स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने और तकनीकी निगरानी के जरिए पंजाब के एक गिरोह का पता लगाया। यह गिरोह रात के समय दिल्ली-एनसीआर में अच्छी स्थिति वाली गाड़ियों को निशाना बनाता था। इसके बाद उन पर फर्जी रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट लगाकर गाड़ियों को पंजाब ले जाया जाता था, जहां उन्हें ठिकाने लगाया जाता था।

पांच मामलों का खुलासा

पुलिस को मिली जानकारी के आधार पर 16 अक्टूबर को अमृतसर के जंडियाला गुरु में छापा मारकर शमशेर को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक काली हुंडई क्रेटा बरामद हुई, जो रोहिणी के बेगमपुर थाने में दर्ज चोरी के मामले से जुड़ी थी। पूछताछ में शमशेर ने अपने साथी रिंकू उर्फ रिंकी की संलिप्तता बताई। उसे भी उसी दिन अमृतसर से गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर राजेंद्र नगर से चोरी हुई सफेद क्रेटा बरामद की गई।

आगे की पूछताछ में तीन अन्य चोरी की गाड़ियां भी बरामद हुईं। इन बरामदगियों से जनकपुरी, राजौरी गार्डन और नेताजी सुभाष प्लेस थानों में दर्ज चोरी के मामलों को सुलझाने में मदद मिली। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने बताया कि वे चोरी की गाड़ियां अमृतसर निवासी हरप्रीत उर्फ हनी को सौंपते थे। पुलिस अब हरप्रीत और गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के साथ चोरी की अतिरिक्त गाड़ियों की बरामदगी के प्रयास कर रही है।

(रिपोर्ट- ANI)

ये भी पढ़ेंः दिल्ली-NCR की हवा हुई खराब? सीजन में पहली बार GRAP-1 लागू; जानें अब किन बातों पर रहेगी पाबंदी        

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।