हैदराबाद: तेलंगाना पुलिस ने चोरी की एक हैरान कर देने वाली वारदात का खुलासा किया है। जानकारी के मुताबिक तेलंगाना के आदिलाबाद में सरकारी अस्पताल से वेंटिलेटर चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के पास से अस्पताल की कई सारी सामग्री बरामद की गई, जो चोरी की गई थी। पूछताछ में आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने महाराष्ट्र के कई अस्पतालों और तेलंगाना के निजामाबाद में भी अस्पताल में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। फिलहाल एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
मेडिकल तकनीशियन बनकर अस्पताल में घुसे
दरअसल, आदिलाबाद के सरकारी RIMS अस्पताल से चार वेंटिलेटर चुराने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। ये लोग एक अंतर-राज्यीय मेडिकल उपकरण चोरी करने वाले गिरोह का हिस्सा थे। आदिलाबाद के एसपी अखिल महाजन ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि 30 अक्टूबर को महाराष्ट्र के चंद्रपुर निवासी सज्जन बसंत एम और अभिजीत, मेडिकल तकनीशियन बनकर आदिलाबाद स्थित राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (RIMS) में दाखिल हुए। उन्होंने बताया कि उन्होंने अस्पताल की दूसरी मंजिल के वार्डों से चार वेंटिलेटर चुरा लिए, जहां गंभीर रूप से बीमार मरीजों का आपातकालीन इलाज चल रहा था।
वाहन चेकिंग के दौरान धराए आरोपी
एसपी ने बताया कि चोरी किए गए उपकरणों को बाद में महाराष्ट्र ले जाया गया। इसके बाद आरोपियों ने वेंटिलेटर बेचने के लिए हैदराबाद के मेडिकल उपकरण बिक्री और सर्विस डीलर कोंडा रेड्डी से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि यह जानते हुए भी कि उपकरण चोरी के हैं, कोंडा रेड्डी उन्हें खरीदने के लिए तैयार हो गया और चंद्रपुर चला गया। उन्होंने बताया कि जब आरोपी कार में इन उपकरणों को हैदराबाद ले जा रहे थे, तो आदिलाबाद क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) के पास वाहनों की जांच कर रहे पुलिसकर्मियों को उनकी हरकतें संदिग्ध लगीं। पुलिस को देखकर जब आरोपियों ने भागने की कोशिश की, तो उन्हें रोक लिया गया और हिरासत में ले लिया गया।
कई अस्पतालों में कर चुके थे चोरी
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने पहले भी महाराष्ट्र के सरकारी अस्पतालों और तेलंगाना के निजामाबाद स्थित सरकारी अस्पताल में इसी तरह की चोरियां की थीं। इन घटनाओं में चुराए गए मेडिकल उपकरण भी हैदराबाद में कोंडा रेड्डी को ही बेचे गए थे। पुलिस ने बताया कि सज्जन बसंत और कोंडा रेड्डी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अभिजीत फरार है। पुलिस ने RIMS से चुराए गए चार वेंटिलेटर, निजामाबाद सरकारी अस्पताल से चुराया गया एक वेंटिलेटर और एक NST मशीन, तथा महाराष्ट्र के दो सरकारी अस्पतालों से चुराए गए एक फीटल मॉनिटर और एक डायथर्मी मशीन को बरामद किया है। विज्ञप्ति में बताया गया है कि पुलिस ने 1 लाख रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल और एक कार भी जब्त की है। (इनपुट- PTI)
यह भी पढ़ें-
गाजियाबाद में दर्दनाक हादसा! निर्माणाधीन मकान का लिंटर गिरा, कई मजदूर मलबे में फंसे; एक की मौत
Latest Crime News