गाजियाबाद: इस वक्त की बड़ी खबर यूपी के गाजियाबाद से सामने आ रही है। यहां जिले के मोदीनगर के सिकरी गांव में एक निर्माण स्थल पर लिंटर गिर गया। इस हादसे के बाद कई मजदूर मलबे में फंस गए। अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई है, जबकि कुछ अन्य लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। यह जानकारी मोदीनगर की विधायक मंजू शिवाच ने दी। पुलिस ने बताया कि 5 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनमें से एक की मौत हो गई।
निर्माण के दौरान गिरा लिंटर
मोदीनगर की विधायक मंजू शिवाच ने इस घटना को "बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना" बताया। उन्होंने कहा, "एक लिंटर गिर गया। स्लैब डालते समय शटरिंग खिसक गई या कोई और कारण था, यह जांच का विषय है। दुख की बात है कि दिवाली के दिन भी मजदूर अपनी दिहाड़ी कमाने के लिए काम कर रहे थे, तभी यह स्लैब गिर गया। वहां छह-सात मजदूर मौजूद थे; दुर्भाग्य से, उनमें से एक मलबे में दब गया और उसकी मौत हो गई।"
पांच लोगों को निकाला गया बाहर
वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। इसके अलावा NDRF और SDRF की टीमों ने भी बचाव अभियान चलाया। मलबे में से 5 लोगों को बाहर निकाला गया। DCP (ग्रामीण) सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया, "सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग, NDRF और SDRF को तुरंत सूचित किया गया और वे मौके पर पहुंच गए। बचाव अभियान शुरू किया गया, जिसके दौरान 5 लोगों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। अब बचाव अभियान पूरा हो चुका है; अब वहां कोई और नहीं फंसा है।"
सीएम योगी ने घटना का लिया संज्ञान
वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लिया। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने और राहत व बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने अधिकारियों को मृतकों के परिवारों से बात करने और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। साथ ही, उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। (इनपुट- ANI)
यह भी पढ़ें-
तमिलनाडु में छात्रों को मिलेगा मुफ्त लैपटॉप, CM विजय ने दिया आदेश, बनाई जाएगी समिति