1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कानपुर के हाई-प्रोफाइल पब के बाहर खूनी बवाल, बोतल से युवक का सिर फोड़ा, पांच सेकेंड में जड़े चार थप्पड़

कानपुर के हाई-प्रोफाइल पब के बाहर खूनी बवाल, बोतल से युवक का सिर फोड़ा, पांच सेकेंड में जड़े चार थप्पड़

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Nov 07, 2026 10:16 am IST,  Updated : Nov 07, 2026 10:23 am IST

कानपुर में एक हाई-प्रोफाइल पब के बाहर देर रात युवकों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें इस बवाल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पब के अंदर किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी और देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष बाहर निकल आए और सड़क पर ही एक-दूसरे से भिड़ गए।

Kanpur- India TV Hindi
कानपुर में पब के बाहर होती मारपीट Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के कानपुर में हाई-प्रोफाइल पब के बाहर देर रात युवकों के बीच जमकर मारपीट हुई। कोतवाली थाना क्षेत्र के सिविल लाइंस एक पब के बाहर हुए इस बवाल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक आपस में गाली-गलौज और मारपीट करते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान एक युवक दूसरे युवक के सिर पर शराब की कांच की बोतल से हमला करता दिखाई देता है, जबकि एक अन्य युवक दूसरे शख्स की कॉलर पकड़कर महज पांच सेकेंड के भीतर एक के बाद एक चार थप्पड़ जड़ देता है। मामला देर रात का बताया जा रहा है ।

पब के अंदर शुरू हुआ विवाद, सड़क पर पहुंचते ही बढ़ा बवाल

कानपुर में हुई इस घटना को लेकर जानकारी के मुताबिक, यह 6 नवंबर की देर रात की बताई जा रही है। चर्चा है कथित तौर पर पब के अंदर किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष बाहर निकल आए और सड़क पर ही एक-दूसरे से भिड़ गए। वायरल वीडियो में करीब एक दर्जन युवक मौके पर मौजूद दिखाई दे रहे हैं। कुछ युवक मारपीट में शामिल हैं, जबकि अन्य आसपास खड़े होकर घटनाक्रम देखते नजर आ रहे हैं।

बोतल से हमला, थप्पड़ों की बरसात

वायरल वीडियो में मारपीट का अंदाज बेहद आक्रामक दिखाई दे रहा है। एक युवक दूसरे पक्ष के युवक के सिर पर शराब की कांच की बोतल मारता नजर आता है। वहीं, एक अन्य युवक सामने वाले की कॉलर पकड़कर लगातार चार थप्पड़ मारता है। अचानक हुई इस मारपीट के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल युवक का अस्पताल में इलाज कराने की तस्वीर भी सामने आई है। जिसमें वो लहूलुहान हालात में नजर आ रहा है ।

सीसीटीवी के बावजूद आरोपियों की पहचान का इंतजार

हैरानी की बात यह है कि घटना शहर के व्यस्त सिविल लाइंस इलाके में स्थित पब के बाहर हुई, जहां आसपास सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं। इसके बावजूद घटना के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की बात कही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों को चिह्नित करने में जुटी है। पहचान होने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वायरल वीडियो ने शहर के हाई-प्रोफाइल पब और उसके आसपास की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि विवाद की असली वजह क्या थी और मारपीट में शामिल युवक कौन थे। फिलहाल अब तक किसी पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं प्राप्त होने की बात सामने आई है ।

(रिपोर्ट - अनुराग श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें

56 घाटों पर जलेंगे 30 लाख दीये, 2100 ड्रोन से रामायण का स्पेशल शो; जानिए छोटी दिवाली पर अयोध्या में आज क्या-क्या खास और पूरे कार्यक्रम का शेड्यूल

बिजनौर में पुलिस का बड़ा एक्शन, नमक के कट्टों की आड़ में हो रही थी शराब तस्करी, दो गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।