1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. अखिलेश यादव ने चौंकाया, 12 दिसंबर को परिवार समेत अयोध्या के राम मंदिर जाएंगे, रामलला का लेंगे आशीर्वाद

अखिलेश यादव ने चौंकाया, 12 दिसंबर को परिवार समेत अयोध्या के राम मंदिर जाएंगे, रामलला का लेंगे आशीर्वाद

 Reported By: Ruchi Kumar,  Vishal Singh,  Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Nov 07, 2026 01:37 pm IST,  Updated : Nov 07, 2026 02:30 pm IST

सपा नेता अखिलेश यादव 12 दिसंबर को परिवार समेत अयोध्या जाएंगे। उनके इस कदम की यूपी की सियासत में काफी चर्चा हो रही है। गौरतलब है कि राम मंदिर का मुद्दा उठाकर ही बीजेपी सत्ता में आई थी और अब विपक्ष के नेता जब राम मंदिर के दर्शन के लिए जाएंगे तो नई सियासी चर्चाओं का दौर शुरू हो जाएगा।

Akhilesh Yadav- India TV Hindi
अखिलेश यादव Image Source : PTI/FILE

लखनऊ: सपा नेता अखिलेश यादव से जुड़ी इस वक्त की बड़ी खबर है। अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या जाएंगे और राम मंदिर के दर्शन करेंगे। इस दौरान वह रामलला के दर्शन भी करेंगे और हनुमानगढ़ी भी जाएंगे।

सपा नेता पवन पांडे ने किया ऐलान 

सपा नेता पवन पांडे ने ये ऐलान किया है कि अखिलेश अयोध्या जाएंगे। दरअसल पिछले दिनों अयोध्या दौरे के दौरान अखिलेश यादव ने पवन पांडेय को ये जिम्मेदारी दी थी कि वह तारीख तय करें। आज छोटी दीपावली के अवसर पर पवन पांडे ने ऐलान किया कि 12 दिसंबर (दिन शनिवार) को अखिलेश यादव, हनुमानगढ़ी और रामलला के दर्शन करने जाएंगे।

अखिलेश के राम मंदिर दौरे पर बीजेपी के राकेश त्रिपाठी ने साधा निशाना

अखिलेश के राम मंदिर दौरे पर बीजेपी के राकेश त्रिपाठी ने कहा, "बहुत देर कर दी, हुजूर आते-आते, राम भक्तों पर गोली चलवाने को जो अपनी उपलब्धि बताते रहे हों, जो बाबरी तामील कराने की कसमें खाते रहे हों, आज उनको भी आखिरकार जाति का जहर बोते-बोते प्रचंड हिंदू की शक्ति ने राम मंदिर का दर्शन करने के लिए मजबूर कर दिया है।"

बीजेपी के राकेश त्रिपाठी ने कहा, "अगर आप रामलला का दर्शन भक्तिभाव से करते तो शायद उसका कुछ लाभ होता, प्रभु राम की कृपा होती, लेकिन केवल चुनाव नजदीक देखकर के मंदिर जाने की कोशिश करेंगे तो इससे कोई लाभ नहीं होने वाला। राम भक्त उनके पापों के लिए उन्हें क्षमा नहीं करने वाले।"

ओपी राजभर ने साधा निशाना

अखिलेश के अयोध्या जाने की खबर पर ओपी राजभर का बयान भी सामने आया है। ओपी राजभर ने कहा, "अखिलेश जी, सुना है आप अयोध्या जा रहे हैं? क्या अब महसूस हो रहा है कि चुनाव बेहद करीब आ गया है? चलिए देर से सही लेकिन सद्बुद्धि तो आई। अब लगे हाथ मथुरा और काशी की तारीख़ों की भी घोषणा कर दीजिए। जय श्रीराम, जय श्रीकृष्ण, जय बाबा विश्वनाथ।"

बता दें कि राम मंदिर शुरू से ही राजनीतिक मुद्दा रहा है। इसे उठाकर ही बीजेपी ने शानदार जीत हासिल की और अब अखिलेश राम मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे हैं तो सियासत होना तो लाजिमी है। 

इससे पहले दिल्ली के रामलीला मैदान से अखिलेश यादव का BJP पर तंज सामने आया था और उन्होंने कहा था कि जमीन नहीं बची तो 'अंगद का पैर' कहां रखेंगे।"

ये भी पढ़ें-

अखिलेश यादव के खुद 2027 का चुनाव ना लड़ने पर यूपी BJP चीफ ने घेरा, बोले- चुनौती देकर भाग खड़े हुए सपा मुखिया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।