A
  1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. 'गाड़ी में कौन बैठेगा...', इस बात पर हुआ झगड़ा, बेटे ने निकाला रिवॉल्वर और बाप को मार दी गोली

'गाड़ी में कौन बैठेगा...', इस बात पर हुआ झगड़ा, बेटे ने निकाला रिवॉल्वर और बाप को मार दी गोली

दिल्ली के तिमारपुर इलाके में एक बेटे ने छोटी सी बात पर बाप को गोली मार दी। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है। कहा जा रहा है कि गाड़ी में बैठने के विवाद में बेटे ने गोली मार दी।

बेटे ने पिता को मारी गोली- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO बेटे ने पिता को मारी गोली

दिल्ली के तीमारपुर इलाके में बेटे ने अपने रिटायर्ड पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। वो भी एक छोटी सी बात पर। जानकारी के मुताबिक, गाड़ी में बैठने को लेकर हुए विवाद में बेटे ने पिता को गोली मार दी। मृतक सीआईएसएफ के रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर थे। पूरा परिवार दिल्ली से उत्तराखंड शिफ्ट हो रहा था औऱ इसी दौरान बेटा सामान वाली गाड़ी के साथ जाना चाहता था, जबकि पिता ने ट्रेन की टिकट करा रखी थी। पिता बेटे को ट्रेन से भेजना चाहते थे और इसी बात को लेकर दोनों के बीच जमकर विवाद  हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि बेटे ने पिता को गोली मार दी। घटना वृहस्पतिवार की है। 

छोटी सी बात पर हुआ विवाद, बेटे ने पिता को मारी गोली

जानकारी के मुताबिक, मृतक सुरेंद्र सिंह रिटायरमेंट के बाद परिवार के साथ उत्तराखंड शिफ्ट हो रहे थे। नौकरी के दौरान आवंटित सरकारी आवास मल्टी स्टोरी 26 नंबर फ्लैट में रहते थे। अभी हाल में रिटायरमेंट हुआ था। गाड़ी पर सामान लोड होने के बाद गाड़ी कॉलोनी से बाहर निकली तभी पिता पुत्र में विवाद हो गया और विवाद भी महज इस बात को लेकर हुआ कि जिस गाड़ी में सामान लोड किया गया था उस गाड़ी में कौन जाएगा।

ड्राइवर के पास एक ही सीट थी। इसीलिए सुरेंद्र अपने बेटे दीपक को बोल रहे थे कि बाकी लोगों के साथ आ जाए लेकिन दीपक उसके लिए तैयार नही हुआ। बस इसी बात पर विवाद हुआ और दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दीपक ने आव देखा ना ताव और अपने पिता को गोली मार दी। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है जबकि परिवार के लोग उत्तराखंड जा चुके हैं। 

दिल्ली में ऐसी ही एक और घटना

दिल्ली के पहाड़गंज थाना इलाके के अरामबाग इलाके में शुक्रवार को एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। यहां 45 साल के विनोद नामक व्यक्ति की उसके ही बेटे ने मारपीट कर हत्या कर दी। मामला घरेलू विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।

Latest Crime News