1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. तलाकशुदा के साथ लिव-इन में रह रही थी विधवा महिला, हत्या के बाद हुआ खुलासा; पार्टनर गिरफ्तार

तलाकशुदा के साथ लिव-इन में रह रही थी विधवा महिला, हत्या के बाद हुआ खुलासा; पार्टनर गिरफ्तार

कचरा ढोने वाले ट्रक में एक महिला की लाश मिली थी। मामले में पुलिस ने उसके पुरुष पार्टनर को गिरफ्तार करते हुए बड़ा खुलासा किया है।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE प्रतीकात्मक फोटो

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक कचरा ढोने वाले ट्रक में 40 वर्षीय महिला का शव मिलने के एक दिन बाद सोमवार को उसके पुरुष साथी को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने झगड़े के दौरान महिला की हत्या कर दी थी। यह घटना रविवार को चेन्नम्मानकेरे अचुकट्टू इलाके में सामने आई, जब स्थानीय लोगों ने कचरा ट्रक में शव देखकर पुलिस को सूचना दी।

खुद को बताते थे पति-पत्नी

मृतक की पहचान इसी इलाके की आशा के रूप में हुई है। वह असम के रहने वाले 33 वर्षीय एक व्यक्ति के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। दोनों एक निजी कंपनी में हाउसकीपिंग स्टाफ के तौर पर काम करते थे और खुद को पति-पत्नी बताकर किराए के मकान में रह रहे थे।

मारपीट में बदल गई बहस

पुलिस ने बताया कि शनिवार रात आशा नशे की हालत में घर लौटी, जिसके बाद उसका अपने साथी से झगड़ा हो गया। दोनों के बीच यह बहस कथित तौर पर मारपीट में बदल गई और इस दौरान दम घुटने से आशा की मौत हो गई।

शराब के नशे में हुई मारपीट

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) लोकेश बी. जगलासर ने बताया, "आशा और यह व्यक्ति एक साल से अधिक समय से साथ रह रहे थे। घटना वाली रात शराब के नशे में शुरू हुई बहस मारपीट में बदल गई, जिस दौरान कथित तौर पर दम घुट जाने के कारण महिला की मौत हो गई।"

कचरा ढोने वाले ट्रक में मिली लाश

हत्या के बाद आरोपी ने महिला के शव को बांधकर एक बोरे में भर दिया और रविवार सुबह होने से पहले ही उसे कचरा ढोने वाले एक ट्रक में फेंक दिया। स्थानीय लोगों की शिकायत के आधार पर चेन्नम्मानकेरे अचुकट्टू थाने में हत्या और सबूत नष्ट करने का मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ के बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।

दोनों के एक-एक बच्चे भी हैं

पुलिस के अनुसार, आशा विधवा थी और जिस व्यक्ति के साथ वह रह रही थी, उसका पहले तलाक हो चुका है। दोनों के अपनी पिछली शादियों से एक-एक बच्चा भी है। पुलिस ने फिलहाल आरोपी का नाम उजागर नहीं किया है और मामले की आगे की जांच जारी है। (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

कैंपस नेता, वकील से कैसे बना रेप का आरोपी, मोनोजीत मिश्रा की जिंदगी और खौफ की पूरी कहानी, जानें

'मृत्यु के बाद भी जारी रहेगी 600 वर्ष पुरानी परंपरा', दलाई लामा ने 90वें जन्मदिन से पहले दिया बड़ा संकेत

Latest Crime News