बेंगलुरूः कर्नाटक के बेंगलुरू में दोस्त के घर पर महिला के साथ कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार का मामला सामने आया है। परप्पना अग्रहारा पुलिस स्टेशन के अंतर्गत डोड्डांगमंगला के साई लेआउट में सामूहिक बलात्कार की घटना सामने आई है। यह घटना तीन दिन पहले की है लेकिन मामला संज्ञान में आज आया है।
पैसे ट्रांसफर कराए, मोबाइल, फ्रिज और वॉशिंग मशीन भी साथ ले गए आरोपी
जानकारी के अनुसार, जब महिला अपने दोस्त के घर पर थी, तभी दो आरोपी घर में घुस आए। उन्होंने कथित तौर पर उसके साथ बलात्कार किया और पुलिस में शिकायत दर्ज न कराने की धमकी दी। गैंगरेप के बाद, आरोपियों ने पीड़िता से पैसे की मांग की। महिला ने अपने दोस्त के खाते से आरोपियों को पैसे ट्रांसफर किए। उन्होंने कथित तौर पर पैसे एक सट्टेबाजी ऐप के खाते में ट्रांसफर कर दिए। इसके अलावा आरोपियों ने दो मोबाइल फोन भी छीन लिए।
तीन संदिग्ध हिरासत में
आरोपी घर से एक रेफ्रिजरेटर और वॉशिंग मशीन भी ले गए। कहा कि जो लोन लिया है ये उसके एवज में है। परप्पना अग्रहारा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। परप्पना अग्रहारा पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है।
डीसीपी दक्षिण पूर्व सारा फातिमा ने कहा कि पीड़िता ने अपनी शिकायत में सामूहिक बलात्कार का आरोप लगाया है। हमने आरोपियों को पकड़ लिया है और जांच जारी है। हम पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि आरोपियों से कर रहे हैं। पीड़िता एक अज्ञात व्यक्ति से यह सूचना मिलने के बाद उस स्थान पर गई थी। उसके आरोपों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और हम आरोपियों से पूछताछ कर रहे हैं।
Latest Crime News