A
  1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली के साकेत इलाके में भरभराकर गिरी 5 मंजिला इमारत, कई लोगों के दबे होने की आशंका

दिल्ली के साकेत इलाके में भरभराकर गिरी 5 मंजिला इमारत, कई लोगों के दबे होने की आशंका

दिल्ली के साकेत इलाके में 5 मंजिला इमारत गिर गई है, जिसमें कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। मौके पर रेस्क्यू टीम पहुंची और मलबे से कुछ लोगों को निकाला।

दिल्ली के साकेत में गिरी पांच मंजिला बिल्डिंग- India TV Hindi
Image Source : REPORTER दिल्ली के साकेत में गिरी पांच मंजिला बिल्डिंग

दिल्ली के साकेत इलाके में पांच मंजिला इमारत गिर गई, जिसके मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। घटना का पता चलते ही मौके पर रेस्क्यू टीम पहुंच गई और मलबे से कई लोगों को बाहर निकाला। शनिवार की शाम 07:45 बजे दमकल विभाग को घटना की सूचना मिली थी। जानकारी के मुताबिक इमारत के अंदर और आसपास कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन जानकारी मिलने तक किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है। तीन लोगों को रेस्क्यू करके बाहर निकाला गया है। कुछ और लोगों के मलबे में  फंसे होने की आशंका है।

पांच मंजिला इमारत में कई ऑफिस थे

दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक 5 मंजिला इमारत जिसमें कई तरह के ऑफिस चल रहे थे, शनिवार होने के कारण काफी ऑफिस बंद भी थे, एक दो ऑफिस जो चल रहे थे, वह शाम 6:00 बजे तक बंद हो गए थे। 500 गज एरिया में ये पूरी बिल्डिंग बनी हुई थी। लेकिन 5 मंजिला कॉमर्शियल बिल्डिंग जब गिरी तो उसका मलबा आसपास की इमारत में गिरा। बताया गया कि पास की इमारत में चल रही कैंटीन में मलबा गिरा जिसमें कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है। दिल्ली पुलिस दिल्ली फायर सर्विस अब एनडीआरफ मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन कर जेसीबी के जरिए मलबा को हटाया गया।

चार-पांच लोगों को मलबे से निकाला गया

बताया जा रहा है कि बिल्डिंग के ऊपरी मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा था, जिसकी वजह से बिल्डिंग गिरने की आशंका है। अग्निशमन विभाग के अधिकारी ने बताया, "हमने घटनास्थल पर चार दमकल गाड़ियां भेजी हैं और आगे की जानकारी का इंतजार है।" अब तक मलबे से 4 से 5 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। इन घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल राहत और बचाव दल मलबे में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं, क्योंकि अभी भी कुछ लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका है।