देश की राजधानी दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके की नई बस्ती से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 19 वर्षीय नवविवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के अंदर मिला। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
घटना के बाद पति है फरार
पुलिस के अनुसार, घटना की जानकारी पीसीआर कॉल के जरिए मिली, जिसके बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची। कमरे की जांच के दौरान महिला के गले पर निशान पाए गए, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है और हत्या की आशंका जताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि मृतका की शादी करीब तीन महीने पहले ही हुई थी। घटना के बाद से उसका पति फरार है, जिसे पुलिस मुख्य संदिग्ध मानते हुए उसकी तलाश में जुटी हुई है।
हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम को भी सूचित कर दिया गया है, ताकि कानूनी प्रक्रिया और मजिस्ट्रियल जांच पूरी की जा सके। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल, पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है- चाहे वह पारिवारिक विवाद हो, दहेज का मामला हो या कोई अन्य कारण। आस-पास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और फरार पति की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की असल सच्चाई सामने आएगी।
ये भी पढ़ें-
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026: क्या BJP के लिए अब भी चुनौती बरकरार है या बन रही नई जमीन?
भारत में सैटेलाइट फोन लाने वालों की खैर नहीं, श्रीनगर एयरपोर्ट पर 2 अमेरिकी नागरिकों पर हुई कार्रवाई