1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली के साकेत में इमारत गिरने से अब तक 4 की मौत, CM रेखा गुप्ता ने घटनास्थल का किया दौरा, होगी मजिस्ट्रेट जांच

दिल्ली के साकेत में इमारत गिरने से अब तक 4 की मौत, CM रेखा गुप्ता ने घटनास्थल का किया दौरा, होगी मजिस्ट्रेट जांच

घटनास्थल पर अभी भी बचाव कार्य चलाया जा रहा है। 4 लोगों की इस हादसे में मौत हुई है। 8 लोगों को बचाया गया है। सीएम रेखा गुप्ता ने घटनास्थल का दौरा कर मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

साकेत में ढही इमारत- India TV Hindi
Image Source : PTI साकेत में ढही इमारत

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को दक्षिण दिल्ली के साकेत में उस स्थान का दौरा किया, जहां शनिवार को एक इमारत गिर गई थी। इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई। दिल्ली सरकार ने मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। घटना के संबंध में आपराधिक मामला भी दर्ज किया गया है। मामले में महरौली थाने में FIR दर्ज की गई है, जबकि मुख्यमंत्री के निर्देशों पर दक्षिण जिला मजिस्ट्रेट की देखरेख में जांच की जाएगी। 

9 लोगों को बचाया गया

शनिवार को साकेत मेट्रो स्टेशन के पास तीन मंजिला व्यावसायिक इमारत ढह जाने से 4 लोगों की मौत हो गई। 9 अन्य को बचा लिया गया। मुख्यमंत्री ने राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

MCD के दो इंजीनियर निलंबित

MCD के दक्षिण जोन के डिप्टी कमिश्नर के एक आदेश के अनुसार, शनिवार को सैदुलाजाब इलाके में गिरी इमारत की निगरानी में लापरवाही के चलते असिस्टेंट इंजीनियर (बिल्डिंग) सुदेश सिंह चौहान और जूनियर इंजीनियर (बिल्डिंग) अमन जैन को निलंबित कर दिया गया है।

अपर्याप्त सुरक्षा उपायों पर सीएम ने जताई चिंता

स्थानीय लोगों ने दावा किया कि ढही हुई इमारत के मलबे के नीचे अब भी कुछ लोग फंसे हो सकते हैं। इस पर रेखा गुप्ता ने कहा कि संबंधित एजेंसियां सावधानीपूर्वक खोज एवं बचाव अभियान चला रही हैं। निवासियों ने क्षेत्र में बड़े पैमाने पर हो रहे अवैध निर्माण और कई इमारतों में अपर्याप्त सुरक्षा उपायों को लेकर भी चिंता व्यक्त की। 

सख्त कार्रवाई के निर्देश

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, 'सभी अवैध इमारतों और उनके लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।' उन्होंने अधिकारियों को आसपास की जर्जर और खतरनाक इमारतों का निरीक्षण करने तथा जहां आवश्यक हो वहां सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। 

युद्धस्तर पर चलाया जा रहा अभियान- गृह मंत्री आशीष सूद

दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद ने कहा कि बचाव अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। सभी एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने तथा प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता पहुंचाने में जुटी हुई हैं। उन्होंने कहा, 'उपलब्ध सभी संसाधनों को तैनात कर दिया गया है और बचाव प्रयास बिना किसी रुकावट के जारी हैं।' 

ये भी पढ़ें: 

अचानक रोकी गई केदारनाथ यात्रा, रास्ते में रोके गए श्रद्धालु; बद्रीनाथ मार्ग पर भी संकट; जानें वजह