1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में 11वीं के छात्र की चाकू मारकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली में 11वीं के छात्र की चाकू मारकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली में 11वीं के छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि छात्र घायल अवस्था में मिला, जिसे अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

छात्र की चाकू मारकर हत्या।- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE छात्र की चाकू मारकर हत्या।

दिल्ली के कालकाजी इलाके से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां सोमवार को दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान 11वीं क्लास के एक 19 साल के छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि सोमवार दोपहर दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालकाजी इलाके में दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। इस विवाद में 11वीं कक्षा के 19 वर्षीय छात्र की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि यह घटना कालकाजी में DDA फ्लैट्स के B ब्लॉक में एक पार्क के पास हुई। वहीं दो लोगों को इस मामले में गिरफ्तार किया गया है। 

घायल अवस्था में मिला था छात्र

पुलिस के अनुसार, दोपहर 2:23 बजे स्कूली छात्रों के बीच झगड़े के बारे में एक PCR कॉल मिली। पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित को चाकू के घावों के साथ पड़ा पाया। पुलिस ने बताया कि CATS एम्बुलेंस भी मौके पर पहुंची और घायल को AIIMS ट्रॉमा सेंटर ले जाने से पहले उसे CPR (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) दिया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान ओखला फेज-II के JJ कैंप निवासी सैयद हुसैन (19) के रूप में हुई है।

विवाद के दौरान मारा चाकू

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "वह कालकाजी के एक MCD स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र था। शुरुआती जांच से पता चला है कि दो या तीन लोगों के साथ झगड़े के दौरान हुसैन को चाकू मारा गया था।" दिल्ली पुलिस ने कहा कि दो आरोपियों को पकड़ लिया गया है और मामले की आगे की जांच चल रही है। वे हमले से जुड़ी घटनाओं का क्रम जानने के लिए इलाके के CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कर रहे हैं और गवाहों से पूछताछ कर रहे हैं। घटना के पीछे का असली मकसद अभी तक पता नहीं चल पाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

सीलमपुर में हत्या का आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली के ही हत्या के एक अन्य मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यहां सीलमपुर में अवैध संबंध के शक में एक शख्स ने अपनी 45 वर्षीय पत्नी की कैंची घोंपकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को यूपी के मुरादाबाद से गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि घटना 16 जुलाई की शाम करीब 7:32 बजे हुई। जानकारी के मुताबिक पुलिस की टीम को महिला खून से लथपथ हालत में मिली थी। उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। महिला को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

यह भी पढ़ें-

दिल्ली पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, आउटर जिले में मुठभेड़ के बाद एक गैंग के दो शार्पशूटर गिरफ्तार