1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों की बड़ी कार्रवाई, दुबई से आ रहे यात्री के पास से 4.03 करोड़ रुपये का सोना जब्त

दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों की बड़ी कार्रवाई, दुबई से आ रहे यात्री के पास से 4.03 करोड़ रुपये का सोना जब्त

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे एक भारतीय यात्री के पास से लगभग 4.03 करोड़ रुपये कीमत की सोने की छड़ें (रॉड्स) जब्त की गईं। कस्टम एक्ट, 1962 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच चल रही है।

दिल्ली एयरपोर्ट पर एक यात्री से 3 किलो सोना जब्त- India TV Hindi
Image Source : IMAGE SOURCE : DELHI AIRPORT दिल्ली एयरपोर्ट पर एक यात्री से 3 किलो सोना जब्त

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने सोने की तस्करी के एक मामले का भंडाफोड़ किया है। अधिकारियों ने दुबई से आए एक भारतीय यात्री के पास से लगभग 4.03 करोड़ रुपये मूल्य की सोने की छड़ें (Gold Rods) बरामद की हैं। जब्त किए गए सोने का कुल वजन 3.2 किलोग्राम है।

फ्लोर स्प्रिंग के अंदर छिपाया गया था सोना

आधिकारिक बयान के अनुसार, यह कार्रवाई सोमवार (19 अक्टूबर) को की गई। दुबई से उड़ान भरकर दिल्ली पहुंचे उक्त यात्री को सीमा शुल्क (कस्टम) अधिकारियों ने 'स्पॉट प्रोफाइलिंग' के आधार पर रोका। इसके बाद उसके सामान की गहन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान अधिकारियों को यात्री के सामान से 'फ्लोर स्प्रिंग' के अंदर छिपाई गई सोने की छड़ें बरामद हुईं।

बता दें कि फ्लोर स्प्रिंग एक ऐसा मैकेनिकल उपकरण होता है जो आमतौर पर दरवाजे के पास जमीन के नीचे लगाया जाता है, जिससे दरवाजा अपने आप बंद हो सके। इसी भारी-भरकम उपकरण का इस्तेमाल सोने को छिपाने और चेकिंग से बचने के लिए किया गया था।

आगे की जांच जारी

कस्टम अधिकारियों ने इस मामले में सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 (Customs Act, 1962) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल सोने की इस खेप को जब्त कर लिया गया है और इस तस्करी रैकेट से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने के लिए आगे की जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि इससे पहले दिल्ली हवाई अड्डा पर कस्टम विभाग ने सोने की तस्करी के मामले में 46 वर्षीय भारतीय महिला यात्री को पकड़ा था। महिला 24 अगस्त को कनाडा के टोरंटो से एयर इंडिया की फ्लाइट AI188 से दिल्ली पहुंची थी।  कस्टम अधिकारियों ने यात्री को संदिग्ध गतिविधि के आधार पर रोककर उसकी व्यक्तिगत और सामान की तलाशी ली थी। जांच के दौरान 1,327.4 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए थे। बरामद सोने की ड्यूटी/आकलित कीमत करीब 1,76,93,507 रुपये है, जबकि इसकी बाजार कीमत करीब 2,17,99,577 रुपये यानी लगभग 2.18 करोड़ रुपये आंकी गई थी।

 

दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर जब चेकिंग होती है तो कई बार ऐसी चीजें भी निकलती हैं, जिन्हें देखकर अधिकारी भी दंग रह जाते हैं।  इससे पहले भी देश के तमाम एयरपोर्टों पर तरह-तरह की अजीब चीजें मिल चुकी हैं।

ये भी पढ़ें-

दोस्त की पत्नी से करना चाहता था शादी, 2 लाख रुपये की सुपारी देकर मरवाया; 2 नाबालिग समेत 7 आरोपी पकड़े गए