1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में अचानक 4 मंजिला इमारत झुकने से हड़कंप! आननफानन में खाली कराई गई पूरी बिल्डिंग

दिल्ली में अचानक 4 मंजिला इमारत झुकने से हड़कंप! आननफानन में खाली कराई गई पूरी बिल्डिंग

दिल्ली के गांधी नगर में चार मंजिला इमारत अचानक झुक गई है और फिर उसे तुरंत खाली कराया गया। एमसीडी की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर बिल्डिंग का जायजा लिया है।

Delhi building tilts- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV (प्रतीकात्मक फोटो) दिल्ली के गांधी नगर में अचानक झुकी चार मंजिला इमारत को खाली कराया गया।

दिल्ली में शाहदरा के गांधी नगर इलाके में चार मंजिला बिल्डिंग अचानक एक ओर झुक गई और इससे आसपास रहने वाले लोगों में हड़कंप मच गया। इसके बाद, बिल्डिंग में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली पुलिस ने इमारत को तुरंत खाली करवा लिया।

अचानक झुक गई चार मंजिला बिल्डिंग

पुलिस अधिकारी ने बताया कि बिल्डिंग के अचानक झुक जाने की वजह से आसपास रहने वाले लोगों को घबराहट हो गई। उन्होंने आगे कहा कि बिल्डिंग में रहने वालों की सुरक्षा के लिए पुलिस ने बिल्डिंग को तुरंत खाली करवाया।

एहतियातन खाली कराई गई पूरी बिल्डिंग

बताया गया कि इस घटना की जानकारी मिलने के बाद दिल्ली पुलिस की एक टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और फिर एहतियातन इलाके की घेराबंदी की गई। लोगों को सुरक्षा वजहों बिल्डिंग के पास जाने से रोक दिया गया।

MCD की टीम ने लिया इमारत का जायजा

दिल्ली पुलिस के अफसर ने आगे बताया कि एमसीडी की एक टीम भी मौके पर पहुंची और इमारत की हालत का जायजा लिया। किसी को भी इमारत के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई है और आस-पास रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हालात पर करीब से नजर रखी जा रही है।

हाल ही में सत्य निकेतन में ढह गई थी 5 मंजिला बिल्डिंग

गौरतलब है कि यह घटना पिछले सप्ताह दिल्ली के सत्य निकेतन में लड़कों के पीजी परिसर के रूप में प्रयोग हो रही 5 मंजिला बिल्डिंग के ढहने के बाद हुई है, इसमें 7 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना में कई लोग घायल भी हो गए थे।

बिल्डिंग हादसे के बाद MCD का बड़ा एक्शन

इससे पहले, खबर आई थी कि सत्य निकेतन हादसे के बाद दिल्ली में MCD का बड़ा एक्शन हुआ है। 41 जगहों पर बुलडोजर चलाया गया है। इसके अलावा, 61 संपत्तियां सील की गई हैं। इस बीच, 1 हजार 355 ऐसी इमारतों का सर्वे भी किया गया है, जिनमें PG चल रहा है। नगर निगम की टीमें दिल्ली के सभी 12 जोन में लगातार पड़ताल और कार्रवाई कर रही हैं। अफसर घर-घर जाकर बिल्डिंग्स की हालत देख रहे हैं और खामियां मिलने पर नोटिस दे रहे हैं।

(इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें- सत्य निकेतन PG बिल्डिंग हादसे में बड़ा खुलासा, 100 मीटर दूर था संचालक, फिर भी मौके पर नहीं पहुंचा