राजधानी दिल्ली के ग्रेटर कैलाश-1 इलाके में दर्दनाक हादसा हुआ है। कैलाश कॉलोनी मेट्रो स्टेशन के पास एक अनियंत्रित कार की चपेट में आने से 71 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि उनके पति जख्मी हो गए। जानकारी के अनुसार, दंपती पैदल जा रहे थे। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।
इस घटना से एक बार फिर से व्यस्त सड़कों पर वाहन चलाने में बरती जाने वाली लापरवाही उजागर हुई है। यह हालात भी तब है जब दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से लगातार वाहन चलाने को लेकर जागरुकता अभियान चलाया जाता है।
कार ने कई गाड़ियों को टक्कर मारी, फिर बुजुर्ग दंपति को रौंदा
हादसा 23 अगस्त की शाम करीब 7.30 बजे हुआ। हादसे में 71 वर्षीय महिला शशि की मौत हो गई जबकि उनके पति कुलभूषण घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि 23 अगस्त को सड़क हादसे की PCR कॉल मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आरोपी ड्राइवर ने कई वाहनों को टक्कर मारने के बाद पैदल जा रहे एक बुजुर्ग दंपति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में घायल दंपति को तुरंत मूलचंद अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 71 वर्षीय शशि को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई
महिला के पति 65 वर्षीय कुलभूषण हादसे में घायल हो गए थे, उन्हें चोटे आई हैं। बाद में बयान दर्ज कराने के लिए कुलभूषण को फिट घोषित कर दिया गया। पुलिस ने मामले में BNS की धारा 281/125(a)/106 के तहत FIR दर्ज कर आरोपी कार ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 (लापरवाही से गाड़ी चलाना), 125(ए) (किसी के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाले कार्य से चोट पहुंचाना) और 106 (लापरवाही से मौत) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
वहीं, दिल्ली के ITO रेड लाइट पर पुराने पुलिस मुख्यालय (PHQ) के ठीक सामने एक और भीषण सड़क हादसे की घटना सामने आई है। यहां एक अनियंत्रित कार सड़क के बीच बने डिवाइडर को तोड़ती हुई सड़क के दूसरी तरफ चली गई और फुटपाथ पर लोहे की ग्रिल मे फंस गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में 2 विधायक समेत कई लोग घायल हुए हैं।
यह भी पढ़ें-
दिल्ली के जसोला में खुले नाले में गिरा मासूम, सर्च ऑपरेशन बंद होने पर भड़के लोग
मोबाइल की किस्त के चक्कर में दो बच्चों के पिता ने यमुना में लगाई छलांग, थी EMI ना चुका पाने की टेंशन!