1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में आग की लपटों में घिरी महिला तीसरी मंजिल से कूदी, पति से झगड़े के बाद उठाया खौफनाक कदम

दिल्ली में आग की लपटों में घिरी महिला तीसरी मंजिल से कूदी, पति से झगड़े के बाद उठाया खौफनाक कदम

दिल्ली के हरि नगर इलाके में बुधवार को एक 23 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि महिला आग की लपटों में घिरने के बाद तीसरी मंजिल से नीचे गिर गई थी।

घटनास्थल पर पहुंची...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT घटनास्थल पर पहुंची पुलिस।

पश्चिमी दिल्ली के हरि नगर में बुधवार को एक युवती ने बिल्डिंग की तीसरी मंजिल से छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली। हरि नगर के सी ब्लॉक में 23 साल की महिला ने पहले खुद को आग लगाई और उसके बाद तीसरी मंजिल से कूद गई। जैसे ही वह सड़क पर गिरी वहां पर अफरा-तफरी मच गई। मकान मालिक ने तुरत इसकी सूचना पुलिस को दी। हरि नगर पुलिस और क्राइम टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल महिला को दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल ले गई जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बेटे और पिता के साथ रहती थी महिला

मृतका की पहचान 23 वर्षीय लक्ष्मी के रूप में हुई। वह मध्य प्रदेश की रहने वाली थी और दिल्ली में बेटे व पिता के साथ रह रही थी। महिला की शादी 2018 में हुई थी। लक्ष्मी का पति राजेंद्र गांव में अलग रहता है। घटना के समय मृतका के पिता काम पर गए हुए थे। जानकारी के मुताबिक पति से झगड़े के बाद गुस्से में महिला ने ये खौफनाक कदम उठाया।

पुलिस के अनुसार, मृतका के पिता जहान सिंह ने बताया कि लक्ष्मी की शादी राजेंद्र से हुई थी और उनका एक बेटा है। वर्ष 2023 से पति-पत्नी के बीच वैवाहिक विवाद चल रहा था, जिसके बाद लक्ष्मी अपने पिता के साथ हरि नगर स्थित मकान में रह रही थी।

4-5 दिन पहले छोड़ी थी नौकरी

पिता के मुताबिक, लक्ष्मी पहले उत्तम नगर स्थित गोयल संस नामक कपड़ों की दुकान में काम करती थी, लेकिन उसने 4-5 दिन पहले ही नौकरी छोड़ दी थी। इसके बाद वह मानसिक तनाव में थी, खासकर अपने बच्चे की देखभाल और कस्टडी को लेकर। उन्होंने इस घटना के संबंध में किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।

मौके से नहीं मिला सुसाइड नोट

सूचना पर पहुंची क्राइम टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का खुलासा होगा।

(रिपोर्ट- नवीन निश्चल)

यह भी पढ़ें-

बेंगलुरु में तालाब से बरामद हुआ 20 वर्षीय छात्रा का शव, बॉयफ्रेंड को मैसेज भेज कर खुदकुशी की बात कही थी

दूसरी शादी के दो महीने बाद नर्सिंग असिस्टेंट ने की खुदकुशी, पत्नी, साली और साढ़ू पर गंभीर आरोप, केस दर्ज