A
Hindi News दिल्ली दिल्ली पुलिस ने ‘बंटी-बबली’ पति-पत्नी को किया गिरफ्तार, एक ही फ्लैट कई लोगों को बेचे, करोड़ों रुपये की ठगी

दिल्ली पुलिस ने ‘बंटी-बबली’ पति-पत्नी को किया गिरफ्तार, एक ही फ्लैट कई लोगों को बेचे, करोड़ों रुपये की ठगी

दिल्ली पुलिस ने ‘बंटी-बबली’ पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। इस कपल पर आरोप है कि इन्होंने एक ही फ्लैट कई लोगों को बेचकर करोड़ों रुपये की ठगी को अंजाम दिया है। आइए जानते हैं पूरा मामला।

delhi scammers arrested- India TV Hindi Image Source : REPORTER दिल्ली में बंटी-बबली गिरफ्तार।

दिल्ली पुलिस की द्वारका साउथ थाना टीम ने एक ऐसे शातिर पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है, जो फिल्मी स्टाइल में एक ही फ्लैट को कई लोगों को बेचकर करोड़ों रुपये ठग रहे थे। पुलिस ने दोनों को ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश से दबोचा है। पुलिस के मुताबिक, साल 2024 में थाना द्वारका साउथ में ठगी के 2 मामले दर्ज हुए थे। शिकायतकर्ताओं ने बताया था कि एक महिला ने अपने फ्लैट को बेचने के लिए एग्रीमेंट किया और उनसे लाखों रुपये ले लिए। लेकिन बाद में ना तो फ्लैट बेचा और ना ही पैसे लौटाए, बल्कि फरार हो गई।

 कई लोगों से करोड़ों रुपये वसूले

जांच के दौरान पता चला कि आरोपी महिला और उसका पति मिलकर एक ही फ्लैट के नाम पर कई लोगों से 2 से 2.5 करोड़ रुपये तक वसूल चुके हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला लंबे समय से फरार चल रही थी। 24 सितंबर 2025 को द्वारका कोर्ट ने उसे घोषित अपराधी (Proclaimed Offender) घोषित कर दिया था। उसकी अग्रिम जमानत अर्जी भी कोर्ट से खारिज हो चुकी थी। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने अपना फ्लैट बैंक में मॉर्गेज रखा हुआ था। बैंक का कर्ज चुकाने के लिए उन्होंने लोगों से पैसे जुटाने की योजना बनाई। इसके तहत फ्लैट बेचने के नाम पर अलग-अलग लोगों से एग्रीमेंट किए और मोटी रकम लेकर फरार हो गए।

ऐसे पकड़े गए आरोपी

लगातार कोशिशों और तकनीकी निगरानी के बाद पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दोनों ग्रेटर नोएडा में छिपे हुए हैं। पुलिस की टीम ने वहां पहुंचकर पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस द्वारा दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

आरोपियों की पहचान

नरेश कुमार सिकरी (57 वर्ष), निवासी द्वारका सेक्टर-9, पेशे से लोन एजेंट और पूरे खेल का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। उनकी पत्नी (55 वर्ष), गृहिणी, जिसके नाम पर फ्लैट था और उसी के जरिए एग्रीमेंट किए गए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस दंपति ने और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।

ये भी पढ़ें- JNU हिंसा के सबूत बने वीडियो, पुलिस को थप्पड़ मारते, डंडा फेंकते नजर आए छात्र; JNUSU अध्यक्ष समेत 14 गिरफ्तार

सब्जी विक्रेता ने अपनी पत्नी और 3 बेटियों की गला रेतकर किया कत्ल, कमरे में पड़ी मिलीं लाशें