1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में 'नार्को किंगपिन' पार्वती गिरफ्तार, लेडी डॉन मानी जाती थी, भारी मात्रा में नशीला पदार्थ और कैश बरामद

दिल्ली में 'नार्को किंगपिन' पार्वती गिरफ्तार, लेडी डॉन मानी जाती थी, भारी मात्रा में नशीला पदार्थ और कैश बरामद

दिल्ली पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई में बड़ी कामयाबी हासिल की है। नार्को किंगपिन पार्वती को गिरफ्तार कर लिया गया है। लेडी डॉन के पास से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ और कैश भी बरामद किया गया है।

Narco lady don parvati arrested- India TV Hindi
Image Source : REPORTER लेडी डॉन पार्वती की हुई गिरफ्तारी।

दिल्ली पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए कुख्यात नार्को किंगपिन पार्वती को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार लेडी डॉन को इलाके की एक्टिव BC यानी बैड कैरेक्टर घोषित किया गया था। पुलिस की कार्रवाई में लेडी डॉन पार्वती के एक सहयोगी की भी गिरफ्तारी की गई है। आइए जानते हैं कि पुलिस की इस कार्रवाई के बारे में अब तक क्या जानकारी सामने आई है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, पुलिस ने लेडी डॉन पार्वती और उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया है और आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ भी बरामद किया है। इसके साथ ही बड़ी मात्रा में कैश भी बरामद हुआ है। पुलिस ने एक लग्जरी SUV भी जब्त की है। पुलिस की ओर से अब नशे के बड़े नेटवर्क से जुड़े तारों की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक लेडी ड्रग माफिया पार्वती ने ड्रग के कारोबार से अकूत कमाई की है। पुलिस जल्द पूरे मामले का खुलासा करेगी। बता दें कि इससे पहले दिल्ली पुलिस ने एक बड़े अवैध इंटरनेशनल कॉल सेंटर का पर्दाफाश भी किया था जिसपर 100 करोड़ रुपये की ठगी करने का आरोप है। इस कार्रवाई में पुलिस द्वारा 11 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं या पकड़े गए हैं। इनमें 2 महिलाएं भी शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से 41 लाख रुपये कैश भी बरामद किए गए हैं।

इधर, गोगी-दीपक बॉक्सर गैंग का सदस्य गिरफ्तार

आपको बता दें कि इससे पहले दिल्ली पुलिस ने वजीराबाद इलाके में एक एनकाउंटर के बाद गोगी-दीपक बॉक्सर गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। PTI के मुताबिक, दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को बताया है कि बुधवार देर रात पुलिस की ओर से घेराबंदी किए जाने के बाद आरोपी मोहित उर्फ केडी (उम्र 31 वर्ष) ने पुलिस टीम पर दो गोलियां चलाईं। इसके जवाब में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए तीन गोलियां चलाईं। आरोपी को देर रात करीब 1:40 बजे पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, मोहित हरियाणा के सोनीपत जिले का रहने वाला है। वह टिल्लू ताजपुरिया गिरोह के एक गुर्गे की कथित तौर पर हत्या करने के लिए दिल्ली आया था। पुलिस को इस योजना के बारे में   विशेष खुफिया जानकारी मिली थी, जिसके बाद वजीराबाद इलाके में नाकाबंदी की गई थी।

ये भी पढ़े- दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में खतरनाक वारदात, बदमाशों ने यात्रियों पर किया चाकू से हमला, 1 की मौत, 2 घायल

दिल्ली में सड़क पार कर रही DTC बस मार्शल को बाइक ने मारी टक्कर, ट्रक की चपेट में आने से मौत