1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. संजय अरोड़ा को नहीं मिलेगा एक्सटेंशन, कौन होगा दिल्ली पुलिस का नया कमिश्नर, इन आईपीएस अधिकारियों के नाम चर्चा में

संजय अरोड़ा को नहीं मिलेगा एक्सटेंशन, कौन होगा दिल्ली पुलिस का नया कमिश्नर, इन आईपीएस अधिकारियों के नाम चर्चा में

दिल्ली पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा 31 जुलाई को रिटायर होंगे। फेयरवेल की तैयारियों के साथ ही अब उनकी सर्विस के एक्सटेंशन की अटकलें खत्म हो गई हैं। नए कमिश्नर की घोषणा जल्द की जाएगी, जिसमें कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी रेस में हैं।

Delhi Police Commissioner retirement, Sanjay Arora retirement- India TV Hindi
Image Source : PTI दिल्ली पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा।

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा 31 जुलाई 2025 को अपनी सेवा से रिटायर होने जा रहे हैं। पुलिस मुख्यालय ने उनके फेयरवेल समारोह की तैयारी का आदेश जारी कर दिया है, जिसके बाद उनके कार्यकाल विस्तार या एक्सटेंशन की सभी अटकलों पर विराम लग गया है। सूत्रों के मुताबिक, पहले माना जा रहा था कि गृह मंत्रालय द्वारा संजय अरोड़ा को एक्सटेंशन दिया जाएगा, लेकिन अब फेयरवेल की तैयारियों के साथ यह साफ हो गया है कि नए पुलिस कमिश्नर की नियुक्ति जल्द होगी।

कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नाम चर्चा में

बता दें कि दिल्ली पुलिस कमिश्नर के पद के लिए कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नाम चर्चा में हैं। इनमें एसबीके सिंह, प्रवीर रंजन और सतीश गोलचा के नाम सबसे प्रमुख हैं। नए पुलिस कमिश्नर की नियुक्ति को लेकर गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस मुख्यालय में चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि 31 जुलाई से पहले नए पुलिस कमिश्नर के नाम की घोषणा कर दी जाएगी। संजय अरोड़ा के फेयरवेल समारोह का आयोजन दिल्ली के किंग्सवे कैंप स्थित न्यू पुलिस लाइन में किया जाएगा। इस समारोह की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो चुकी हैं।

1988 बैच के IPS ऑफिसर हैं संजय अरोड़ा

संजय अरोड़ा 1988 बैच के IPS ऑफिसर हैं और तमिलनाडु कैडर से हैं। दिल्ली का कमिश्नर बनने से पहले उन्होंने पहले भारत-तिब्बत सीमा पुलिस और सशस्त्र सीमा बल के प्रमुख के रूप में भी काम किया है। संजय अरोड़ा 1988 में आईपीएस में शामिल हुए और उन्हें तमिलनाडु कैडर मिला। उन्होंने जयपुर के मालवीय नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री हासिल की है। तमिलनाडु में वह वीरप्पन गिरोह के खिलाफ अभियान चलाने वाली STF का हिस्सा थे। वह कोसोवो में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन का भी हिस्सा रहे हैं।