1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली पुलिस के कमिश्नर सतीश गोलचा को रिटायरमेंट से पहले हटाया गया, अब अनुराग कुमार को मिली जिम्मेदारी

दिल्ली पुलिस के कमिश्नर सतीश गोलचा को रिटायरमेंट से पहले हटाया गया, अब अनुराग कुमार को मिली जिम्मेदारी

दिल्ली पुलिस के कमिश्नर सतीश गोलचा को उनके रिटायरमेंट से पहले ही पद से हटा दिया गया है। अनुराग कुमार को दिल्ली पुलिस का नया कमिश्नर बनाया गया है। आइए जानते हैं इस बारे में।

Delhi police new commissioner anurag kumar- India TV Hindi
Image Source : PTI/INDIA TV अनुराग कुमार (दाएं) बने दिल्ली पुलिस के कमिश्नर।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को लेकर शुक्रवार को बड़ी खबर सामने आ रही है। दिल्ली पुलिस के कमिश्नर सतीश गोलचा को रिटायरमेंट से पहले ही उनके पद से हटा दिया गया है। इसके साथ ही अनुराग कुमार को दिल्ली पुलिस कमिश्नर के पद की जिम्मेदारी मिली है। उनकी नियुक्ति से जुड़ा आदेश जारी कर दिया गया है और उन्होंने अपना कार्यभार संभाल लिया है। जानकारी के अनुसार, सतीश गोलचा का कार्यकाल 2027 में पूरा होने वाला था।

अनुराग कुमार बने नए कमिश्नर

केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अनुराग कुमार को दिल्ली का नया पुलिस आयुक्त (कमिश्नर ऑफ पुलिस) नियुक्त किया है। इस संबंध में गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को आदेश जारी कर दिया। गृह मंत्रालय के आदेश के अनुसार, एजीएमयूटी कैडर (1994 बैच) के आईपीएस अधिकारी अनुराग कुमार को सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति कार्यभार संभालने की तारीख से प्रभावी होगी और अगले आदेश तक वह दिल्ली पुलिस आयुक्त के पद पर बने रहेंगे।

IB में तैनात थे अनुराग कुमार

अनुराग कुमार के रूप में दिल्ली पुलिस को नया कमिश्नर मिल गया है। जानकारी के मुताबिक, अनुराग कुमार 1994 बैच के आईपीएस अफसर हैं। वह अभी आईबी में स्पेशल डायरेक्टर के पद पर तैनात थे।अनुराग कुमार डीसीपी नॉर्थ ईस्ट और उसके बाद डीसीपी नॉर्थ रहे। इसके बाद वो IB में डेप्युटेशन पर चले गए। इसके बाद से ही अनुराग कुमार IB में ही हैं। शुरुआती दौर से IB में नंबर 2 तक वो IB में ही रहे। कल ही उनका वापस ट्रांसफर AGMUT कैडर में हुआ। क्योंकि लंबे समय से अनुराग कुमार IB में हैं इसलिए उनका कोई नया फोटो सार्वजनिक नहीं है।

LG को रिपोर्ट करेंगे सतीश गोलचा

गृह मंत्रालय की ओर से जारी किए गए आदेश में कहा गया है कि वर्तमान पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा (एजीएमयूटी कैडर, 1992 बैच) नए पुलिस आयुक्त के कार्यभार ग्रहण करने के बाद आगे की नियुक्ति के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल को रिपोर्ट करेंगे। सतीश गोलचा को अगस्त 2025 में दिल्ली पुलिस का कमिश्नर बनाया गया था। उन्होंने तब एसबीके सिंह की जगह ली थी। सतीश गोलचा साल 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। वह इससे पहले तिहाड़ जेल के डीजी थे। उन्होंने अरुणाचल प्रदेश में डीजीपी का पद भी संभाला था।

ये भी पढ़ें- दिल्ली की जेलों के अंदर हो रही थी वसूली, तिहाड़ जेल का हेड वार्डर भी था शामिल, 1 लाख की रिश्वत के साथ 11 आरोपी गिरफ्तार