दिल्ली पुलिस मुख्यालय में इस वक्त प्रदर्शन चल रहा है और ये प्रदर्शन पुलिसवाले ही कर रहे हैं। उनकी नाराजगी ACP के ट्रांसफर को लेकर है। दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर भारी संख्या में जवान पहुंच चुके हैं, लेकिन पुलिस के अधिकारी उन्हें समझाने की कोशिश कर रहे हैं। पूरा मामला 23 अक्टूबर को शाहदरा पुलिस स्टेशन में हुई झड़प से जुड़ा है। घटना के बाद अधिकारी प्रदर्शन कर रहे पुलिस के जवानों को समझाने में जुटे हुए हैं। जिस एसीपी का ट्रांसफर किया गया है, उन्होंने भी एक वीडियो जारी कर पुलिस के जवानों को साथ आने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि जो लोग आ नहीं सकते हैं वह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इसमें शामिल हों। उन्होंने सीपी ने ओपन डिस्कशन करने की मांग की है।
वकीलों के साथ हुई थी झड़प
दरअसल, पुलिस थाने के अंदर जवानों और वकीलों के बीच झड़प हुई थी, जिसमें एक वकील के सिर में गंभीर चोट आई थी। इसके बाद दिल्ली के वकीलों ने हड़ताल का ऐलान कर दिया। उन्होंने एसीपी मनस्वी वशिष्ठ पर पिस्टल लहराने का आरोप लगाकर उनके ट्रांसफर की मांग की थी। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने एसीपी और शाहदरा थाने के SHO का ट्रांसफर कर दिया। पुलिस के जवानों की नाराजगी इसी बात को लेकर है और वह पुलिस मुख्यालय में प्रदर्शन कर रहे हैं।
एसीपी ने जारी किया वीडियो
वहीं एक वीडियो जारी कर जहांगीरनगर के ACP मनस्वी वशिष्ठ ने कहा, "मैं उन सभी पुलिसवालों का शुक्रिया करूंगा, जिन्होंने मुझे सपोर्ट किया। मेरा जो भी ये घटना हुई है, मैं अंदर से टूटा नहीं हूं बल्कि और भी अधिक मजबूत हुआ हूं। आप लोग मेरे समर्थन में आ रहे हैं, लेकिन मैं चाहता हूं कि पुलिस हेडक्वार्टर में डीसी के साथ एक ओपन डिस्कशन रखा जाए, जिसमें ज्यादा से ज्यादा पुलिस वाले शामिल हों। जो लोग शामिल नहीं हो सकते, वो वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इसमें शामिल हों। इसमें घटना से जुड़ी सारी बातें सामने रखी जाएंगी। जो भी नेगोशिएशन हुए हैं, उनके बारे में पूछा जाएगा। इसके अलावा पुलिस से जुड़े जो प्रश्न हैं, उनको रखा जाएगा। मेरी सीपी साहब से निवेदन है कि हमें वह मौका दें हम उनके सामने आकर उनसे प्रश्न करना चाहते हैं।"
यह भी पढ़ें-
दिल्ली की हवा बेहद खराब, AQI 428 पर पहुंचा, मुंबई में भी छाई धुंध की चादर; 18 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट