1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. 15 अगस्त से पहले दिल्ली हाई अलर्ट पर! पुलिस ने 19 खतरनाक आतंकियों के पोस्टर लगाए

15 अगस्त से पहले दिल्ली हाई अलर्ट पर! पुलिस ने 19 खतरनाक आतंकियों के पोस्टर लगाए

दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के लिए खतरा बने 19 आतंकवादियों की लिस्ट जारी कर राजधानी में पोस्टर लगाए हैं। इन पोस्टरों में इंडियन मुजाहिदीन, अल-कायदा और अलग-अलग खालिस्तानी आतंकी संगठनों से जुड़े खतरनाक संदिग्धों की तस्वीरें और डिटेल्स शामिल हैं।

delhi police terrorists poster- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT दिल्ली पुलिस ने आतंकियों के पोस्टर लगाए।

15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस)  से पहले आतंकवादी खतरों के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने पूरी राजधानी में हाई अलर्ट जारी किया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, क्राइम ब्रांच, रेलवे पुलिस और विभिन्न जिलों की पुलिस के साथ अन्य सुरक्षा इकाइयां भी अलर्ट मोड पर हैं। इस बीच दिल्ली पुलिस ने राजधानी के भीड़भाड़ वाले इलाकों में 19 आतंकवादियों के पोस्टर लगाए हैं। इन पोस्टरों पर इंडियन मुजाहिदीन,अल कायदा और खालिस्तानी आतंकियों की फोटो हैं।

आतंकवादियों की लिस्ट-

इन पोस्टरों में इंडियन मुजाहिदीन के रियाज भटकल और शबांदरी मोहम्मद इकबाल उर्फ इकबाल भटकल, अल-कायदा से जुड़े मोहम्मद शर्जील अख्तर, अबू सुफियान, मोहम्मद उमर और सैयद मोहम्मद अर्शियान दिखाई दे रहे हैं। मोस्ट वॉन्टेड आतंकवादियों की लिस्ट में 'खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स' के रंजीत सिंह उर्फ नीता, परमजीत सिंह पम्मा, 'खालिस्तान टाइगर फोर्स' के अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डाला और 'बब्बर खालसा इंटरनेशनल' (BKI) के हरविंदर सिंह संधू उर्फ रिंडा, वधावा सिंह बब्बर व  गुरमीत सिंह बग्गा के नाम शामिल हैं।

Image Source : reporter inputदिल्ली में आतंकियों के पोस्टर लगाए गए।

पुलिस ने की बड़ी अपील, सूचना देने पर इनाम

पोस्टर में पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि इनमें से किसी व्यक्ति के बारे में जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। पोस्टर पर सूचना देने के लिए दिल्ली पुलिस कंट्रोल रूम का नंबर 112 भी दिया गया है। पुलिस ने पहचान या ठिकाने की जानकारी देने वालों को इनाम देने और उनका नाम गुप्त रखने की बात कही है।

हर साल एहतियातन लगाए जाते हैं पोस्टर

बता दें कि हर साल 15 अगस्त के पहले एहतियातन इस तरह के वांटेड आतंकियों के पोस्टर लगाए जाते हैं जिनसे भारत और दिल्ली को खतरा है। सुरक्षा के लिए खतरा बने इन आतंकियों की लिस्ट जारी की जाती है, ताकि आम नागरिक भी सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध की पहचान होने पर तुरंत सूचना दे सकें।

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इन पोस्टरों को लगाने से आम नागरिक भी सतर्क रहेंगे और संदिग्ध या वांटेड व्यक्तियों की पहचान में पुलिस की मदद कर सकेंगे। इसके साथ ही रेलवे स्टेशनों, बाजारों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।

वहीं, बता दें कि राजस्थान के टोंक में बड़ा एक्शन करते हुए ATS ने आतंकी कनेक्शन के शक में 2 संदिग्धों को पकड़ा है। इनके जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े होने का शक है।

यह भी पढ़ें-

पंजाब में पाकिस्तान समर्थित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, एक आरोपी गिरफ्तार, 86 हैंड ग्रेनेड बरामद

15 अगस्त को लेकर दिल्ली पुलिस अलर्ट, जानें राजधानी में ड्रोन और हॉट एयर बैलून उड़ाने पर कब से कब तक लगाई रोक