नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अगस्त के शुरुआती आठ दिनों में ही पूरे महीने की औसत बारिश का आंकड़ा पार हो गया है। वहीं मौसम विभाग की मानें तो अगले दो दिनों तक दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की से बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है। दिल्ली की प्रमुख मौसम वेधशाला (meteorological observatory) सफदरजंग में अब तक 230.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 1991 से 2020 की जलवायु अवधि के आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली में अगस्त महीने में औसतन 226.8 मिलीमीटर बारिश होती है।
शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक सफदरजंग में 225.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। इसके बाद शाम साढ़े पांच बजे तक 4.4 मिलीमीटर और बारिश हुई, जिससे कुल आंकड़ा 230.1 मिलीमीटर पहुंच गया।
पिछले दो वर्षों में अगस्त के किसी एक दिन में सबसे ज्यादा बारिश
शनिवार को दिल्ली में पिछले दो वर्षों में अगस्त के किसी एक दिन में सबसे ज्यादा बारिश भी दर्ज की गई। सफदरजंग में 24 घंटे के दौरान 98.7 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं पालम में 104.6 मिलीमीटर, आयानगर में 115 मिलीमीटर, रिज में 89.8 मिलीमीटर और लोधी रोड में 86.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
बता दें कि पिछले दो दिन दिल्ली में भारी बारिश हुई। दिल्ली और आसपास के इलाकों में भारी बारिश से जलजमाव हो गया। वहीं दिल्ली के देवली में भारी बारिश की वजह से एक प्राइवेट पार्किंग की दीवार ढह गई। इस हादसे में 10 से ज्यादा गाड़ियां मलबे में दबकर बुरी तरह तबाह हो गईं। गनीमत रही कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई। हालांकि इस घटना में गाड़ियों को काफी नुकसान हुआ।
हल्की से बहुत हल्की बारिश होने के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों तक दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की से बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है। रविवार को न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और मौसम कार्यालय ने बादल छाए रहने और हल्की बारिश का अनुमान जताया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली में सुबह साढ़े आठ बजे तक पांच मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम विभाग ने कहा कि अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 94 प्रतिशत दर्ज की गई। समीर ऐप के मुताबिक सुबह 9 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 89 दर्ज किया गया जो कि 'संतोषजनक' श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के मुताबिक शून्य से 50 के बीच AQI को 'अच्छा', 51 से 100 को 'संतोषजनक', 101 से 200 को 'मध्यम', 201 से 300 को 'खराब', 301 से 400 को 'बहुत खराब' और 401 से 500 को 'गंभीर' माना जाता है।
ये भी पढ़ें:
दिल्ली मेट्रो से सफर करने वालों के लिए बड़ी खबर, स्वतंत्रता दिवस को लेकर बड़ा फैसला, लग सकती हैं लंबी कतारें