दिल्ली मेट्रो से सफर करने वालों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। आगामी 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा बढ़ाने का फैसला किया गया है। सामने आई जानकारी के अनुसार, दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशनों पर CISF सुरक्षा जांच शुरू करेगी। इस कारण मेट्रो स्टेशनों पर लंबी कतारें देखने को मिल सकती हैं। ऐसे में यात्रियों से एक अपील भी की गई है।
CISF सुरक्षा जांच शुरू करेगी
जानकारी के मुताबिक, स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली मेट्रो में सुरक्षा बढ़ाई जाएगी। जानकारी के अनुसार, 15 अगस्त 2026 से पहले दिल्ली मेट्रो में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जाएगी। 9 अगस्त 2026 से सभी मेट्रो स्टेशनों पर CISF द्वारा सुरक्षा जांच शुरू होगी। इस बढ़ी हुई जांच के कारण 16 अगस्त 2026 तक, खासकर पीक आवर्स में, कई स्टेशनों पर लंबी कतारें लग सकती हैं। ऐसे में दिल्ली मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों से अपील की गई है कि वे अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें।
जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान बंद रहे थे कई स्टेशन
आपको बता दें कि इससे पहले जुलाई महीने के आखिर में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के कारण भी दिल्ली मेट्रो की सेवाओं पर काफी असर पड़ा था। PTI की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, इस दौरान दिल्ली मेट्रो के 18 स्टेशन लगातार चार दिन तक बंद रखे गए थे। जो स्टेशन बंद रखे गए थे उनमें राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय स्टेशनों पर 'इंटरचेंज' (लाइन बदलने) की सुविधा उपलब्ध रहेगी। बंद किए गए स्टेशनों में लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम, झंडेवालान और नयी दिल्ली स्टेशन शामिल हैं।
क्यों खास है दिल्ली मेट्रो?
आपको बता दें कि दिल्ली मेट्रो को देश के राजधानी की लाइफ लाइन कहते हैं। हर रोज लाखों की संख्या में लोग मेट्रो से सफर करते हैं। अगर दिल्ली मेट्रो न हो तो ट्रैफिक के कारण लोगों का यात्रा करना मुश्किल हो जाएगा। DMRC के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली मेट्रो 416 किलोमीटर लंबा और 303 स्टेशनों वाला एक विशाल नेटवर्क है जिसमें नोएडा-ग्रेटर नोएडा कॉरिडोर और गुरुग्राम की रैपिड मेट्रो भी शामिल हैं। DMRC ने अपना पहला कॉरिडोर 25 दिसंबर, 2002 को शाहदरा और तीस हजारी के बीच शुरू किया था।
ये भी पढ़ें- सीएम रेखा गुप्ता ने किया दिल्ली मेट्रो के नए कॉरिडोर का शिलान्यास, 12.30 किमी के रूट पर बनेंगे 10 नए स्टेशन