A
  1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्लीवाले ध्यान दें! क्रिसमस से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, इन रास्तों पर जाने से बचें

दिल्लीवाले ध्यान दें! क्रिसमस से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, इन रास्तों पर जाने से बचें

क्रिसमस के जश्न के मद्देनजर दिल्ली में यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है। सड़क पर कोई हंगामा खड़ा ना करे, इसके लिए भी ट्रैफिक पुलिस ने पर्याप्त प्रबंध किए हैं।

christmas traffic advisory- India TV Hindi
Image Source : PTI क्रिसमस का जश्न मनाते लोग।

राजधानी दिल्ली के चर्चों में धूमधाम से क्रिसमस मनाने की तैयारी चल रही है। क्रिसमस के जश्न से पहले दिल्ली ट्रैफिक पुलिस भी तैयार है और जाम से बचाने के उपाय कर रही है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 24 और 25 दिसंबर मनाए जाने वाले क्रिसमस जश्न के मद्देनजर बुधवार को एडवाइजरी जारी की है। दक्षिण दिल्ली के कुछ हिस्सों, विशेष रूप से साकेत क्षेत्र में ट्रैफिक में बदलाव और प्रतिबंधों के बारे में लोगों को सूचित किया है।

एडवाइजरी के अनुसार-

  1. भीड़भाड़ की आशंका को देखते हुए सुचारू यातायात और जन सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए साकेत में सेलेक्ट सिटी मॉल, DLF एवेन्यू मॉल और MGF मेट्रोपॉलिटन कोर्ट मॉल के आसपास यातायात में बदलाव किया जाएगा।
  2. यह विशेष यातायात व्यवस्था दोनों दिन दोपहर 2 बजे से लागू होगी।
  3. प्रतिबंधों के कारण प्रेस एन्क्लेव रोड और साकेत तथा पुष्प विहार की कई आंतरिक सड़कें प्रभावित होंगी।

इसलिए रूट होगा डायवर्ट-

  • भीड़भाड़ को नियंत्रित करने के लिए, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग पर शेख सराय लाल बत्ती, महरौली-बदरपुर (एमबी) रोड पर एशियन मार्केट लाल बत्ती और श्री अरबिंदो मार्ग पर पीटीएस मालवीय नगर लाल बत्ती सहित प्रमुख चौराहों पर यातायात में बदलाव किया जाएगा।
  • यातायात में किए गए बदलाव के तहत शेख सराय से हौज रानी तक डिवाइडर पर बने सभी मोड़ प्रतिबंधित समय के दौरान बंद रहेंगे। प्रेस एन्क्लेव रोड की दोनों लेन पर भारी वाहनों और DTC/क्लस्टर बसों को चलने की अनुमति नहीं होगी।
  • इसके अलावा, DTC और क्लस्टर बसों को एमबी रोड से एशियन मार्केट लाल बत्ती होते हुए पुष्प विहार की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।

असुविधा से बचने के लिए इन वैकल्पिक मार्गों का सुझाव-

ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का सुझाव भी दिया है। एडवाइजरी में चिराग दिल्ली से कुतुब मीनार की ओर जाने वाले यात्रियों को खानपुर तिराहे, एमबी रोड और लाडो सराय तिराहे होते हुए जाने की सलाह दी गई है। आईआईटी फ्लाईओवर से संगम विहार या सैनिक फार्म की ओर जाने वालों को टीबी अस्पताल लाल बत्ती, लाडो सराय लाल बत्ती, एमबी रोड, चिराग दिल्ली और खानपुर लाल बत्ती होते हुए जाने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें-

VIDEO: नीदरलैंड में क्रिसमस परेड के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा, भीड़ में घुसी कार; 9 लोग घायल