नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली के वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया में एक बर्तन कारखाने में 47 साल के शादीशुदा शख्स ने खुद को आग लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस के मुताबिक, उसने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है जिसमें उसने अपने इस कदम की वजह दोस्त की 20 साल की बेटी के साथ कथित 'दोस्ती' का टूटना बताया है।
संदीप को दोस्त की बेटी से हो गया था प्यार
बता दें कि मृतक की पहचान संदीप के तौर पर हुई है। संदीप, यूपी के संत कबीर नगर का रहने वाला था और अपनी पत्नी व दो बच्चों के साथ वहीं संत कबीर नगर में रहता था। पुलिस का कहना है कि संदीप अक्सर अपने दोस्त के घर पर जाता था, जहां उसको दोस्त की बेटी से प्यार हो गया। वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया के बर्तन कारखाने में काम करने वाली यह युवती दिल्ली में अकेली रहती है।
शादी का प्रपोजल ठुकराया तो खुद को लगा ली आग
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, संदीप नियमित तौर पर फोन पर युवती से बात करता था। हालांकि, बताया जाता है कि युवती ने कुछ वक्त से उससे बात करना बंद कर दिया था। इसी बात से परेशान होकर संदीप बीते गुरुवार को दिल्ली आ गया था। फिर, शुक्रवार को संदीप पेट्रोल की 2 बोतलें लेकर बर्तन कारखाने पहुंचा और महिला के सामने शादी का प्रपोजल रखा। जब महिला ने उसका प्रपोजल ठुकरा दिया, तो उसने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली।
सुसाइड नोट में संदीप ने बताई खुदकुशी की वजह
इसके बाद, संदीप की चीखें सुनकर बर्तन कारखाने के कर्मचारी उसकी मदद के लिए दौड़े। उन्होंने तुरंत आग बुझाई और आननफानन में उसे दीप चंद बंधु हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच में पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें संदीप ने अपनी दोस्ती टूटने के लिए महिला को जिम्मेदार ठहराया और खुदकुशी के अपने निर्णय का कारण बताया।
युवती ने किसी भी प्रकार के संबंध से किया इनकार
पुलिस ने बताया कि युवती ने संदीप के साथ किसी भी प्रकार का संबंध होने से इनकार किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मृतक संदीप के परिजनों को इस घटना की जानकारी दे दी गई है। मामले की आगे की पड़ताल जारी है। इससे पहले, हाल में दिल्ली के सरकारी स्कूल में 12वीं की छात्रा ने खुद को आग लगाकर आत्महत्या कर ली थी। वह बैग में पेट्रोल रखकर लाई थी।
(इनपुट- IANS)
डिस्क्लेमर: प्रशिक्षित और मान्यता प्राप्त मानसिक स्वास्थ्य (मेंटल हेल्थ) परामर्शदाताओं से परामर्श और सहायता प्राप्त करने के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 या 1800-891-4416 डायल करें।
या
TISS Icall 022-25521111 (सोमवार-शनिवार: सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक)
(यदि आपको सहायता की आवश्यकता है या आप किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जिसे सहायता की आवश्यकता है, तो कृपया अपने निकटतम मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें।)
ये भी पढ़ें- दिल्ली: ली मेरिडियन होटल की 12वीं मंजिल से कूदकर शख्स ने की आत्महत्या, दिल्ली पुलिस जांच में जुटी