1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली-NCR में बुधवार को कैसा रहेगा मौसम? IMD ने जारी किया ताजा अपडेट

दिल्ली-NCR में बुधवार को कैसा रहेगा मौसम? IMD ने जारी किया ताजा अपडेट

मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली में अगले दो दिनों के दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान लगाया है। मानसून के सक्रिय रहने के कारण दिल्ली-NCR के ज़्यादातर हिस्सों में बादल छाए रहने की उम्मीद है।

दिल्ली-एनसीआर में बारिश की चेतावनी- India TV Hindi
Image Source : PTI दिल्ली-एनसीआर में बारिश की चेतावनी

नई दिल्लीः दिल्ली और NCR में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है, जिससे मंगलवार सुबह इलाके के कई हिस्सों में बारिश हुई। बारिश से तापमान में गिरावट आई है और उमस भरे मौसम से काफी राहत मिली है। मौसम विभाग (IMD) ने अनुमान लगाया कि बुधवार को आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर रुक-रुक कर बहुत हल्की से हल्की बारिश होगी, जबकि कुछ जगहों पर मध्यम बारिश हो सकती है।  

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को दोपहर से शाम के बीच 20-30 किमी/घंटा की तेज जमीनी हवाएं और रात के समय झमाझम बारिश भी हो सकती है। दिल्ली के अलावा नोएडा, गाज़ियाबाद, गुरुग्राम और फ़रीदाबाद में मौसम रहने की संभावना है।

40 किमी की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे। सुबह से दोपहर के बीच कई जगहों पर हल्की बारिश और कुछ जगहों पर मध्यम बारिश के साथ आंधी/बिजली/20-30 किमी/घंटा (40 किमी/घंटा तक के झोंकों वाली) हवाएं चल सकती हैं। शाम से रात के बीच कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 31°C से 33°C और 24°C से 26°C के बीच रहने की संभावना है। 

अगले तीन दिनों तक आकाश में छाए रहेंगे बादल

 वहीं, गुरुवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे। सुबह से दोपहर के बीच एक-दो बार बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। शाम से रात के बीच कुछ जगहों पर फिर से हल्की बारिश हो सकती है। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 32°C से 34°C और 23°C से 25°C के बीच रहने की संभावना है। ज़्यादातर जगहों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी कम रहेगा।

दिल्ली में शुक्रवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे। सुबह से दोपहर के बीच बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 32°C से 34°C और 24°C से 26°C के बीच रहने की संभावना है। बता दें कि दिल्ली में मंगलवार तड़के सुबह झमाझम बारिश हुई। नोएडा समेत एनसीआर के अन्य जगहों पर दिनभर बादल छाए रहे हालांकि तेज बारिश नहीं हुई। कुछ जगहों पर हल्की बारिश हुई। 

ये भी पढ़ेंः दिल्ली-NCR में मौसम मेहरबान, देश भर में आफत बनेगी बारिश? UP-बिहार समेत 16 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट