राजधानी दिल्ली के पश्चिम विहार थाना इलाके से एक बेहद सनसनीखेज और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहा छोले-भटूरे के एक स्टॉल पर छोले लेने को लेकर हुए मामूली से विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि दुकानदार ने एक ग्राहक पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। इस खूनी संघर्ष के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया है।
अस्पताल से मिली थी भर्ती की सूचना
दिल्ली पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, 26 अक्टूबर 2026 को पश्चिम विहार वेस्ट इलाके के एसजीएम (SGM) हॉस्पिटल से एक व्यक्ति के भर्ती होने की सूचना मिली थी। घायल की पहचान 35 वर्षीय संदीप के रूप में हुई। अस्पताल पहुंचकर पुलिस ने घायल की एमएलसी (MLC) ली, जिसमें डॉक्टरों ने बताया कि संदीप बयान देने के लिए पूरी तरह अनफिट था। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, संदीप के शरीर पर गंभीर घाव थे उसके पेट के बाईं ओर चाकू के तीन गहरे निशान, बाईं बांह पर तीन और कलाई पर एक घाव पाया गया था।
मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदला
दिल्ली पुलिस के मुताबिक एक्स्ट्रा छोले मांगने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। लड़का छोले भटूरे लेकर स्टॉल से कुछ दूरी पर बैठकर खा रहा था उसने एक्स्ट्रा छोले मांगे और उसको बोला कि वहीं पर आकर दे। जिसको लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि दोनों के बीच हाथापाई और खूनी संघर्ष शुरू हो गया। आरोपी दुकानदार चिंटू गुप्ता ने गुस्से में आकर संदीप पर चाकू से कई वार कर दिए। जिसके बाद पीड़ित को अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन हमला इतना जोरदार था कि पीड़ित की मौत हो गई।
आरोपी गिरफ्तार
घटना की गंभीरता और एमएलसी में दर्ज चोटों को देखते हुए पुलिस ने शुरुआती चरण में उसी दिन एफआईआर नंबर 464/26 के तहत BNS की धारा 109(1) का मामला दर्ज कर लिया था। लेकिन युवक की मौत के बाद पुलिस ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए एफआईआर में हत्या से जुड़ी धारा 103(1) BNS को जोड़ दिया है। फिलहाल पश्चिम विहार थाना पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से आगे की जांच कर रही है। इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी छोले-भटूरे विक्रेता चिंटू गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
यह भी पढ़ें:
दिल्ली में करोड़ों के नशे का कारोबार बेनकाब, 3 नाइजीरियाई समेत 4 गिरफ्तार, 1.5 करोड़ रुपये के ड्रग्स बरामद