1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में करोड़ों के नशे का कारोबार बेनकाब, 3 नाइजीरियाई समेत 4 गिरफ्तार, 1.5 करोड़ रुपये के ड्रग्स बरामद

दिल्ली में करोड़ों के नशे का कारोबार बेनकाब, 3 नाइजीरियाई समेत 4 गिरफ्तार, 1.5 करोड़ रुपये के ड्रग्स बरामद

 Published : Oct 29, 2026 07:25 pm IST,  Updated : Oct 29, 2026 07:25 pm IST

दिल्ली में नशे के कारोबार का खुलासा करते हुए पुलिस ने 3 नाइजीरियाई समेत 4 को पकड़ा है। वीजा अवधि खत्म होने के बाद भी तीनों नाइजीरियाई नागरिक भारत में रह रहे थे। पुलिस आरोपियों के नेटवर्क, ड्रग्स की सप्लाई और विदेशी नागरिकों के भारत में रहने से जुड़े दस्तावेजों की जांच में जुटी है।

Delhi drug trafficking case- India TV Hindi
दिल्ली में 1.5 करोड़ की ड्रग्स समेत चार लोग गिरफ्तार Image Source : INDIA TV REPRESENTATIONAL

दिल्ली में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन नाइजीरियाई नागरिकों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 417 ग्राम MDMA और 105 ग्राम कोकीन बरामद हुई है। जब्त किए गए नशीले पदार्थों की कुल कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दिल्ली-एनसीआर में नशीले पदार्थों की खरीद, भंडारण और सप्लाई से जुड़े नेटवर्क का हिस्सा थे।

दिल्ली-एनसीआर में ड्रग्स सप्लाई का आरोप

पुलिस के एक अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों पर नशीले पदार्थों की खरीद, भंडारण और सप्लाई करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने सहयोगियों के नेटवर्क के जरिए थोक और खुदरा स्तर पर नशीले पदार्थों का वितरण करते थे। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान नाइजीरियाई नागरिक ननामदी ओसिता उर्फ जोहान पीटर (46), विक्टर ओकाफोरो (33) और ओबिन्ना माइक अर्नेस्ट (32) के रूप में हुई है। चौथे आरोपी की पहचान दिल्ली निवासी अत्तर सिंह उर्फ लकी (23) के तौर पर की गई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, तीनों विदेशी नागरिक और अत्तर सिंह बाहरी पश्चिमी दिल्ली के निलोठी इलाके में रह रहे थे।

गुप्त सूचना के बाद हुई कार्रवाई

पुलिस अधिकारी ने बताया कि 25 सितंबर को एक टीम को सूचना मिली थी कि पीटर दिल्ली-एनसीआर में कोकीन और MDMA की सप्लाई कर रहा है। वह चंदर विहार में शुकर बाजार रोड के पास नशीले पदार्थों की डिलीवरी करने वाला था। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान पीटर व उसके दो साथियों ओकाफोरो और अर्नेस्ट ने कथित तौर पर पास की एक इमारत में भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तीनों को पकड़ लिया।

आरोपियों से बरामद हुए नशीले पदार्थ

तलाशी के दौरान पीटर के पास से 55 ग्राम और ओकाफोरो के पास से 301 ग्राम MDMA बरामद किया गया। वहीं, अर्नेस्ट के पास से 105 ग्राम कोकीन मिली। पूछताछ में पीटर और अर्नेस्ट ने कथित तौर पर अत्तर सिंह के साथ अपने संबंधों की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने उसे निलोठी स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 61 ग्राम MDMA और बरामद हुई।

वीजा और पुराने मामलों की जांच

इस मामले में क्राइम ब्रांच थाने में NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। तीनों विदेशी नागरिकों के भारत में रहने की अनुमति से जुड़े वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाने के बाद इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट, 2025 की धारा 23 भी जोड़ी गई। पुलिस के मुताबिक, पीटर 2013 में टूरिस्ट वीजा, अर्नेस्ट 2016 में बिजनेस वीजा और ओकाफोरो 2020 में मेडिकल वीजा पर भारत आया था। अधिकारी ने बताया कि तीनों कथित तौर पर वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी देश में रह रहे थे।

पुलिस ने यह भी बताया कि तीनों विदेशी नागरिकों के खिलाफ हिमाचल प्रदेश, पंजाब, दिल्ली और हरियाणा में पहले भी NDPS से जुड़े मामले रहे हैं। पुलिस के अनुसार, अत्तर सिंह की आरोपियों से मुलाकात निजी इस्तेमाल के लिए ड्रग्स खरीदते समय हुई थी। बाद में उसने कथित तौर पर मुनाफे के लिए दूसरे लोगों को भी नशीले पदार्थ सप्लाई करना शुरू कर दिया। मामले की आगे जांच जारी है और इस कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।

(इनपुट-PTI) 

ये भी पढ़ेंः बहादुर बेटी की हिम्मत लाई रंग, मोबाइल छीनकर भागे स्नैचरों का खुद किया पीछा, पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोचा              

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।