1. Hindi News
  2. बिहार
  3. VIDEO: दरभंगा स्नातक सीट पर उलटफेर, RJD के अनिल झा जीते, BJP के सर्वेश सिंह ने गले लगाकर दी बधाई

VIDEO: दरभंगा स्नातक सीट पर उलटफेर, RJD के अनिल झा जीते, BJP के सर्वेश सिंह ने गले लगाकर दी बधाई

 Written By: Malaika Imam
 Published : Oct 29, 2026 06:46 pm IST,  Updated : Oct 29, 2026 06:52 pm IST

दरभंगा स्नातक सीट पर RJD के अनिल कुमार झा ने BJP के सर्वेश सिंह को करीब 450 वोटों से हराया। जीत के बाद सर्वेश सिंह ने अनिल झा को गले लगाकर बधाई दी।

बीजेपी उम्मीदवार ने गले लगाकर दी बधाई- India TV Hindi
बीजेपी उम्मीदवार ने गले लगाकर दी बधाई Image Source : REPORTER

बिहार MLC चुनाव में दरभंगा स्नातक सीट पर बड़ा उलटफेर देखने को मिला। मतगणना में शुरुआत से बढ़त बनाए रखने वाले बीजेपी उम्मीदवार और सीटिंग MLC सर्वेश सिंह हार गए हैं। RJD के उम्मीदवार अनिल झा ने जीत दर्ज की है। उन्होंने BJP उम्मीदवार सर्वेश सिंह को 450 मतों से पराजित किया है। चुनाव परिणाम सामने आने के बाद सर्वेश सिंह ने अनिल कुमार झा को गले लगाकर जीत की बधाई दी।

अनिल कुमार झा की जीत की खबर मिलते ही राजद कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल देखने को मिला। मतगणना के दौरान दोनों उम्मीदवारों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। जीत के बाद अनिल कुमार झा ने अपनी सफलता का श्रेय पार्टी नेतृत्व और मतदाताओं को दिया।

सर्वेश सिंह ने गले लगाकर दी बधाई

चुनाव परिणाम आने के बाद बीजेपी उम्मीदवार सर्वेश सिंह ने बड़ा दिल दिखाते हुए विजेता अनिल कुमार झा को गले लगाया और उन्हें बधाई दी। राजनीतिक मुकाबले में हार के बाद भी सर्वेश सिंह के इस व्यवहार की चर्चा हो रही है।

अनिल झा ने करीब दो हजार वोटों से जीत का किया था दावा

मतगणना केंद्र से बाहर आने के बाद अनिल कुमार झा ने मीडिया से बातचीत में अपनी जीत का दावा किया था। उन्होंने कहा था कि उन्हें करीब दो हजार मतों से जीत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने यह भी कहा कि मतदाताओं ने जाति और धर्म से ऊपर उठकर उन्हें समर्थन दिया है। अनिल कुमार झा ने राजद नेता तेजस्वी यादव का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने उन पर दो बार भरोसा जताया और उन्हें उम्मीदवार बनने का अवसर दिया। उन्होंने अपने समर्थकों और स्नातक मतदाताओं को भी धन्यवाद दिया। वहीं, अनिल कुमार झा ने मतगणना प्रक्रिया पर संतोष जताया।

शक्ति यादव ने की बैलेट से चुनाव कराने की मांग

दरभंगा में राजद की जीत के बाद पार्टी प्रवक्ता शक्ति यादव ने चुनाव प्रणाली को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने देशभर में बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग की। शक्ति यादव ने कहा कि RJD ने 8 में से 2 सीट पर जीत हासिल की है। इससे पहले भोजपुर में भी स्थानीय निकाय के विधान परिषद चुनाव में राजद ने जीत दर्ज की थी। अगर बैलेट से चुनाव हुआ तो बीजेपी किसी राज्य में सरकार नहीं बनाएगी, अगर बैलेट से चुनाव हुए तो बीजेपी कहीं दिखाई नहीं देगी, इसलिए देश भर में बैलेट से चुनाव होना चाहिए, विकसित देश दुनिया में बैलेट से चुनाव कराते हैं, अगर लोकतंत्र को बचाए रखना है, तो आपको बैलेट से चुनाव कराना होगा।

8 सीटों पर किस पार्टी को मिली जीत?

MLC चुनाव में NDA को कुल तीन सीटें मिलीं। इनमें बीजेपी ने दो सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि जदयू के खाते में एक सीट आई। RJD ने दो सीटें जीतीं। जन सुराज पार्टी को एक सीट मिली और दो निर्दलीय उम्मीदवार भी जीते। ये चुनाव शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की 8 सीटों पर हुए थे।

(रिपोर्ट- जितेंद्र कुमार)

ये भी पढ़ें-

वाराणसी में BJP को झटका, MLC स्नातक सीट भी जीती SP, आशुतोष सिन्हा बोले- "अभी तो ये झांकी है"

राजेश खन्ना से रिश्ते को शादी की मान्यता देने की मांग? सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की अनीता आडवाणी की याचिका

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।