न्यूजीलैंड के दौरे पर भारतीय टीम को पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला 30 अक्टूबर को ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेलना है, जिसमें टीम इंडिया के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के पास इतिहास रचने का शानदार मौका रहने वाला है। अर्शदीप सिंह ने टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू करने के बाद से लगातार प्रमुख तेज गेंदबाज की भूमिका को संभाला है, जिसमें उनका प्रदर्शन भी काफी शानदार देखने को मिला है। अब अर्शदीप सिंह यदि एक न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी टी20 सीरीज के चौथे मुकाबले में एक विकेट और ले लेते हैं तो वह T20I में 150 विकेट का मुकाम पूरा करने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन जाएंगे।
अर्शदीप सिंह बनेंगे सिर्फ 8वें गेंदबाज
टी20 इंटरनेशनल में अब तक सिर्फ 7 गेंदबाज ही 150 या उससे अधिक विकेट लेने में कामयाब हो सके हैं, जिसमें 199 विकेट के साथ टॉप पर अभी अफगानिस्तान के स्टार लेग स्पिनर राशिद खान का नाम है। वहीं अर्शदीप एक विकेट लेते ही अपने 150 टी20 इंटरनेशनल विकेट का आंकड़ा पूरा करेंगे उसी के साथ वह 8वें गेंदबाज बन जाएंगे, जिसमें तेज गेंदबाज के रूप में देखा जाए तो वह टिम साउदी और मुस्तफिजुर रहमान के बाद सिर्फ तीसरे ऐसे तेज गेंदबाज होंगे जो 150 विकेट लेने में कामयाब होंगे। अर्शदीप सिंह के पास इसके अलावा एक और कारनामा करने का मौका रहने वाला है जिसमें यदि वह अगले मैच में अपने 150 विकेट पूरे करते हैं तो 100 या उससे कम पारियों में यह मुकाम हासिल करने वाले जहां पहले तेज गेंदबाज बनेंगे तो वहीं वानिंदु हसरंगा और राशिद खान के बाद सिर्फ तीसरे गेंदबाज होंगे।
मिचेल सैंटनर भी 150 T20I विकेट से सिर्फ एक कदम दूर
कीवी टीम के कप्तान मिचेल सैंटनर भी टी20 इंटरनेशनल में अपने 150 विकेट पूरे करने से सिर्फ एक कदम दूर हैं, जिसमें भारतीय टीम के खिलाफ चौथे टी20 मैच में उनके पास इस मुकाम को हासिल करने का मौका रहने वाला है। सैंटनर यदि यह उपलब्धि हासिल कर लेते हैं तो न्यूजीलैंड की तरफ से यह कारनामा करने वाले सिर्फ तीसरे गेंदबाज बनेंगे जिसमें उनसे पहले पूर्व खिलाड़ी टिम साउदी और लेग स्पिनर ईश सोढ़ी ऐसा करने में कामयाब हो चुके हैं।
ये भी पढ़ें
अभिषेक शर्मा 35 रन बनाते ही रचेंगे इतिहास, ईशान किशन की बादशाहत पर मंडरा रहा खतरा