1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. 'नसीरुद्दीन शाह बैग लेकर पाकिस्तान चले जाएं...', एक्टर पर क्यों भड़क उठे मंत्री नितेश राणे?

'नसीरुद्दीन शाह बैग लेकर पाकिस्तान चले जाएं...', एक्टर पर क्यों भड़क उठे मंत्री नितेश राणे?

 Reported By: Saket Rai,  Written By: Subhash Kumar
 Published : Oct 29, 2026 07:11 pm IST,  Updated : Oct 29, 2026 07:26 pm IST

बॉलीवुड एक्टर नसीरुद्दीन शाह के बयानों पर विवाद बढ़ गया है। अब महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे ने एक्टर पर हमला बोलते हुए उन्हें बैग लेकर पाकिस्तान चले जाने की सलाह दे दी है। आइए जानते हैं इस पूरे विवाद के बारे में।

Naseeruddin Shah pakistan nitesh rane- India TV Hindi
नसीरुद्दीन शाह पर भड़के मंत्री नितेश राणे। Image Source : PTI

बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर नसीरुद्दीन शाह अपने बयानों को लेकर एक बार फिर से विवादों में आ गए हैं। हाल ही में नसीरुद्दीन शाह ने एक वीडियो शेयर कर कहा था कि उन्हें खुद के दिमागी नक्सल होने पर गर्व है। इसके साथ ही उन्होंने सरकार पर सवाल उठाए थे और चेतावनी भी दी थी। ऐसे में अब भाजपा के नेता भी नसीरुद्दीन शाह पर निशाना साध रहे हैं। पहले केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने नसीरुद्दीन शाह को लोकतंत्र के लिए बेहद हानिकारक बताया था। वहीं, अब महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नितेश राणे ने नसीरुद्दीन शाह को पाकिस्तान जाने तक की सलाह दे दी है।

पाकिस्तान चले जाएं नसीरुद्दीन शाह- नितेश राणे

महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नितेश राणे ने कहा- "देखिए ऐसा है कि नसीरुद्दीन शाह जैसे लोग कमाते तो हमारे हिंदू राष्ट्र से हैं लेकिन नमक खाते हैं पाकिस्तान का। इनके जो पाकिस्तान में बैठे हुए अब्बा हैं वो ऐसे जिहादियों और दिमागी नक्सलियों को स्क्रिप्ट देते हैं। नसीरुद्दीन शाह हमारे हिंदू राष्ट्र में बड़े हुए हैं। उनकी फिल्में यहां लगती थीं, पाकिस्तान में नहीं लगती हैं जिनका अभी ये नमक खाकर हमारे हिंदू राष्ट्र में बैठकर बात कर रहे हैं। अगर नसीरुद्दीन शाह को हमारे हिंदू राष्ट्र से इतना गुस्सा है, इतना खुद को दिमागी नक्सल बुलाना है तो वह पाकिस्तान चले जाएं। वहां उन्हें ऐसे लोग बहुत मिलेंगे। वहां तो दिमागी नक्सल और जिहादियों की बहुत बड़ी तादाद है। नसीरुद्दीन शाह बैग भरकर वहां निकल जाएं। अगर आज हमारा भारत देश- हिंदू राष्ट्र नहीं होता तो उन्हें कोई नहीं जानता।"

किरेन रिजिजू ने भी साधा निशाना

दूसरी ओर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर के नसीरुद्दीन शाह को लोकतंत्र के लिए बेहद हानिकारक बताया है। उन्होंने लिखा कि वो नसीरुद्दीन शाह का सम्मान करते थे, अभिनेता होने की वजह से उन्हें पसंद भी करते थे। लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं था कि वे एक खतरनाक अर्बन नक्सल हैं और भारत के लोकतंत्र के लिए बेहद हानिकारक हैं। वहीं, अभिनेता पुनीत इस्सर ने भी नसीरुद्दीन शाह के बयान पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अभिनेता होने के नाते उनका सम्मान है लेकिन वो केवल एकतरफा, वामपंथी और नक्सल-समर्थक विचारों के हैं। उनको अगर सत्ता में आई सरकार पसंद नहीं है, तो राजनीति के मैदान में उतरें और चुनाव लड़ें।

ये भी पढ़ें- नसीरुद्दीन शाह के 'झूठी पार्टी' कहते ही भड़के BJP नेता, लगाया लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश का आरोप

'कुछ स्मित मच्छार पर भी बोल लेते', नसीरुद्दीन शाह को पीयूष मिश्रा की दो टूक, बोले- जब भी बोलेंगे, जवाब मिलेगा

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।