1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. CM फडणवीस का प्रमोशनल वीडियो हटाने पर मेटा से VHP की ठनी, की गई सरकार से हस्तक्षेप की मांग; जानें पूरा मामला

CM फडणवीस का प्रमोशनल वीडियो हटाने पर मेटा से VHP की ठनी, की गई सरकार से हस्तक्षेप की मांग; जानें पूरा मामला

 Reported By: Sachin Chaudhary,  Written By: Vinay Trivedi
 Published : Oct 29, 2026 04:44 pm IST,  Updated : Oct 29, 2026 04:44 pm IST

CM फडणवीस के वीडियो पर Meta की कार्रवाई पर विवाद खड़ा हो गया है। वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस ने पुलिस और IT मंत्रालय को इसके लिए खत लिखा है और हस्तक्षेप की मांग की है।

meta vhp- India TV Hindi
वीडियो हटाने के मामले में VHP ने मेटा पर एक्शन की मांग की है। Image Source : AP (प्रतीकात्मक फोटो)

Meta की तरफ से महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स फेसबुक, इंस्टाग्राम से हटाने पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। यह वीडियो वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस 2026 के प्रचार से जुड़ा था, जिसमें मुख्यमंत्री फडणवीस ने लोगों से इस आयोजन में शामिल होने की अपील की थी। विश्व हिंदू कांग्रेस का यह आयोजन 18 से 20 दिसंबर 2026 को मुंबई में होने वाला है। यह वीडियो पहले 26 अक्टूबर को पोस्ट किया गया और हटाए जाने के बाद उसी रात दोबारा अपलोड किया गया, लेकिन 27 अक्टूबर को इसे फिर से हटा दिया गया। मेटा ने इस कार्रवाई के पीछे विशिष्ट कानूनी प्रावधान या नीति का स्पष्ट हवाला नहीं दिया है।

आयोजकों ने की मेटा के खिलाफ कार्रवाई की मांग

विश्व हिंदू परिषद के प्रवक्ता विनोद बंसल और वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस की आयोजन समिति ने इसे हिंदू विरोधी पूर्वाग्रह करार दिया है। उन्होंने मेटा से वीडियो तुरंत बहाल करने और माफी मांगने की मांग की है। आयोजकों ने इस मामले में मुंबई पुलिस और दिल्ली पुलिस के अलावा केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय MeitY और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को पत्र लिखकर मेटा के खिलाफ कार्रवाई और स्पष्टीकरण की मांग की है।

आयोजकों ने मेटा को सीधे खत लिखकर मांगा स्पष्टीकरण

वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस की आयोजन समिति और VHP ने इस मामले में मुंबई पुलिस, दिल्ली पुलिस और केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय को औपचारिक पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है। सरकार से मांग की गई है कि वे इस बात की जांच करें कि मेटा की यह कार्रवाई मौजूदा कानूनों के अनुरूप है या नहीं और इस डिजिटल प्लेटफॉर्म की जवाबदेही तय की जाए। आयोजकों ने मेटा को सीधे पत्र लिखकर स्पष्टीकरण मांगा है। VHP प्रवक्ता ने चेतावनी दी है कि यदि मेटा ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया या वीडियो बहाल नहीं किया, तो वे इस मामले में कानूनी कार्रवाई का रुख करेंगे।

वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस 2026 के कार्यक्रम में शामिल होंगे ये नेता

जान लें कि यह दुनिया भर के हिंदू नेताओं, विचारकों, कार्यकर्ताओं और संगठनों को एक मंच पर लाने वाला वैश्विक सम्मेलन है जो हर चार साल में होता है, पिछला आयोजन 2023 में बैंकॉक में हुआ था। इसमें अर्थव्यवस्था, शिक्षा, मीडिया, राजनीति , महिलाएं, युवा और हिंदू संगठन जैसे 7 विषयों पर सत्र होंगे। इसमें दुनिया भर से करीब 4,000 पंजीकृत प्रतिनिधि शामिल होंगे, इस सम्मेलन में देश-विदेश के कई प्रमुख और प्रतिष्ठित चेहरों के शामिल होने की जानकारी है:

  1. मोहन भागवत (सरसंघचालक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ - RSS प्रमुख)
  2. देवेंद्र फडणवीस (मुख्यमंत्री, महाराष्ट्र)
  3. हिमंत विश्व शर्मा (मुख्यमंत्री, असम)
  4. मोहन यादव (मुख्यमंत्री, मध्य प्रदेश)
  5. संजीव सन्याल (प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य)
  6. आशीष कुमार चौहान (MD और CEO, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज - NSE)
  7. सुमंत सिन्हा (संस्थापक एवं चेयरमैन, ReNew)
  8. मनोज मुंतशिर (गीतकार और लेखक)

इससे पहले, सितंबर में बच्चों के यौन शोषण से जुड़े कंटेंट मामले में NCPCR ने Meta India के MD और हेड को समन भेजा था। NCPCR इस दौरान केस से जुड़े फैक्ट्स और Meta की तरफ से उठाए गए कदमों की जानकारी लेगा।

ये भी पढ़ें- दिल्ली HC का Meta को आदेश, 24 घंटे में प्लेटफॉर्म से हटाए आपत्तिजनक तस्वीर, पीएम मोदी से जुड़ा मामला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।