1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. टाइगर श्रॉफ हमला मामले में बड़ा खुलासा, शूटर्स ने 2.50 लाख रुपये में जिगाना पिस्टल और 20 राउंड गोलियां खरीदी थींं

टाइगर श्रॉफ हमला मामले में बड़ा खुलासा, शूटर्स ने 2.50 लाख रुपये में जिगाना पिस्टल और 20 राउंड गोलियां खरीदी थींं

 Reported By: Saket Rai,  Written By: Kajal Kumari
 Published : Oct 29, 2026 11:24 am IST,  Updated : Oct 29, 2026 11:34 am IST

बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुए हमला मामले में पुलिस ने अभिनेता का बयान दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि शूटर्स ने 2.50 लाख रुपये में जिगाना पिस्टल और 20 राउंड गोलियां खरीदी थीं।

टाइगर श्रॉफ अटैक केस में खुलासा- India TV Hindi
टाइगर श्रॉफ अटैक केस में खुलासा

मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने बताया कि 2.50 लाख रुपए में अमृतसर से खरीदी गई थी जिगाना पिस्टल और 20 राउंड गोलियां।क्राइम ब्रांच सूत्रों के मुताबिक, 18 अक्टूबर को हुई फायरिंग की घटना के अगले दिन, 19 अक्टूबर को क्राइम ब्रांच की टीम टाइगर श्रॉफ से मिलने पहुंची थी। उस समय टाइगर अस्पताल में जांच के लिए गए थे, जहां क्राइम ब्रांच की टीम ने कई घंटे तक उनका बयान दर्ज किया। 

टाइगर श्रॉफ का बयान दर्ज

मुंबई क्राइम ब्रांच ने अभिनेता का विस्तृत बयान दर्ज किया है। सूत्रों के मुताबिक, बयान के दौरान क्राइम ब्रांच ने टाइगर श्रॉफ से घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं और फायरिंग से पहले किसी तरह की धमकी मिलने के बारे में सवाल किए। बताया जा रहा है कि टाइगर ने हमले से पहले किसी भी तरह की धमकी मिलने से इनकार किया है। 

अनिल पंडित के निर्देश पर खरीदी गई पिस्टल
वहीं, क्राइम ब्रांच की जांच में हथियारों की खरीद को लेकर अहम जानकारी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के कथित करीबी अनिल पंडित के निर्देश पर अमृतसर से जिगाना पिस्टल और 20 राउंड गोलियां 2.50 लाख रुपये में खरीदी गई थीं। आरोप है कि कुणाल, सुमित और जतिन इस रकम को लेकर अमृतसर गए थे। वहां एक अज्ञात स्थान से पिस्टल और गोलियां लेने के बाद आरोपियों ने उसी जगह पर पैसे रख दिए थे।

फिलहाल, क्राइम ब्रांच उस व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है, जिसने अमृतसर में आरोपियों को पिस्टल और गोलियां मुहैया कराई थीं। जांच एजेंसी हथियारों की आपूर्ति से जुड़े इस चेन का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

आमिर खान थे टारगेट?
सूत्रों के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ से पहले शूटरों का निशाना दिग्गज अभिनेता आमिर खान थे। पता चला है कि टाइगर पर हमले के आरोपियों ने मुंबई के बांद्रा स्थित आमिर के घर की कई बार रेकी भी की थी और जब कई कोशिशों के बावजूद आमिर नहीं दिखे, तो उन्हें अपना प्लान बदलना पड़ा। प्लान बदलने के बाद उन्होंने टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलियां चलाईं।

ये भी पढ़ें:
टाइगर श्रॉफ पर हमले के केस में बड़ा एक्शन, आरोपियों पर लगा मकोका, जांच में जुटी पुलिस

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।