1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'कुछ स्मित मच्छार पर भी बोल लेते', नसीरुद्दीन शाह को पीयूष मिश्रा की दो टूक, बोले- जब भी बोलेंगे, जवाब मिलेगा

'कुछ स्मित मच्छार पर भी बोल लेते', नसीरुद्दीन शाह को पीयूष मिश्रा की दो टूक, बोले- जब भी बोलेंगे, जवाब मिलेगा

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Oct 05, 2026 12:38 pm IST,  Updated : Oct 05, 2026 12:38 pm IST

पीयूष मिश्रा ने नसीरुद्दीन शाह के CJP प्रदर्शन में शामिल होने पर सवाल उठाए। उन्होंने विमान हादसे में 180 लोगों की जान बचाने वाले स्मित मच्छार की बहादुरी का जिक्र कर प्रतिक्रिया मांगी।

naseeruddin shah piyush mishra- India TV Hindi
नसीरुद्दीन शाह और पीयूष मिश्रा। Image Source : ABHIJIT DIPKE PIYUSH MISHRA INSTAGRAM

अभिनेता नसीरुद्दीन शाह और पीयूष मिश्रा के बीच चल रही जुबानी बहस एक बार फिर चर्चा में है। इस बार पीयूष मिश्रा ने अपने सवालों में एक विमान हादसे का जिक्र करते हुए स्मित मच्छर का नाम लिया है। उन्होंने नसीरुद्दीन शाह से सवाल किया कि जब वह अलग-अलग सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर अपनी राय रखते हैं, तो ऐसे मौके पर भी अपनी प्रतिक्रिया देनी चाहिए। पीयूष ने स्मित मच्छार की बहादुरी की तारीफ करने और उन्हें बधाई देने की बात कही।

नसीरुद्दीन शाह के CJP प्रदर्शन में शामिल होने के बाद बढ़ी बहस

दरअसल मुंबई के शिवाजी पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP की ओर से प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित किया गया था। नसीरुद्दीन शाह भी इस प्रदर्शन में समर्थन देने पहुंचे। उनके अलावा मनोरंजन जगत की कुछ अन्य हस्तियां भी वहां नजर आईं। नसीरुद्दीन शाह की इस मौजूदगी के बाद पीयूष मिश्रा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया। वीडियो में उन्होंने नसीरुद्दीन शाह को संबोधित करते हुए कई सवाल पूछे और अलग-अलग घटनाओं का जिक्र किया। इसी दौरान उन्होंने विमान से जुड़ी एक घटना का भी उल्लेख किया।

‘स्मित मच्छर ने 180 लोगों की जान बचाई’

पीयूष मिश्रा ने अपने वीडियो में नसीरुद्दीन शाह से कहा कि हाल ही में एक बड़ा हादसा होते-होते टला। उन्होंने फ्लाईदुबई की फ्लाइट 1073 से जुड़ी घटना का जिक्र करते हुए स्मित मच्छार के साहस की बात की। पीयूष के मुताबिक, स्मित मच्छार ने बहादुरी दिखाते हुए करीब 180 लोगों की जान बचाई। उन्होंने नसीरुद्दीन शाह से अपील करते हुए कहा कि वह इस घटना पर भी अपनी प्रतिक्रिया दें और स्मित मच्छर को उनकी बहादुरी के लिए बधाई दें। पीयूष मिश्रा का सवाल मूल रूप से इसी बात पर था कि अगर किसी घटना में लोगों की जान बचाने जैसी बड़ी बात सामने आई है, तो उस पर भी सार्वजनिक रूप से सराहना की जानी चाहिए।

लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के छात्रों का भी उठाया मुद्दा

पीयूष मिश्रा ने अपने वीडियो में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में हुए छात्र विरोध का भी जिक्र किया। उन्होंने नसीरुद्दीन शाह से वहां के छात्रों के लिए भी एक संदेश देने की अपील की। पीयूष ने दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी और पुलिस तथा छात्रों के बीच झड़प की तस्वीरें सामने आई थीं। उन्होंने नसीरुद्दीन शाह के पुराने बयान का संदर्भ देते हुए कहा कि वह छात्रों से सीखने की बात कर चुके हैं। इसी आधार पर पीयूष ने व्यंग्य करते हुए उनसे सवाल किया कि क्या अब प्रदर्शन कर रहे छात्र अभिनय के शिक्षक बन गए हैं। उन्होंने कहा कि नसीरुद्दीन शाह को इन छात्रों के प्रति भी संवेदना व्यक्त करनी चाहिए।

झारखंड का मुद्दा भी फिर उठाया

पीयूष मिश्रा ने झारखंड के मुद्दे को भी एक बार फिर बातचीत में शामिल किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने नसीरुद्दीन शाह से झारखंड के लिए मदद मांगी थी, लेकिन उन्हें जवाब में एक पाकिस्तानी शायरा की नज्म मिली थी। पीयूष ने कहा कि वहां नज्म की नहीं, बल्कि आटा, दाल, रोटी, गुड़, लिट्टी और चोखे जैसी जरूरी चीजों की जरूरत थी। उन्होंने अपने वीडियो के आखिर में नसीरुद्दीन शाह से कहा कि अब जब भी वह कोई बयान देंगे, उन्हें पीयूष मिश्रा का जवाब मिलेगा। उन्होंने खुद को नसीरुद्दीन शाह का ‘बच्चा’ बताते हुए अपनी बात खत्म की और ‘इंकलाब जिंदाबाद’ कहा।

CJP प्रदर्शन में पहुंचे कई सितारे

CJP की ओर से मुंबई में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा है। इस प्रदर्शन में नसीरुद्दीन शाह के अलावा विशाल ददलानी समेत कुछ अन्य चर्चित चेहरे भी समर्थन देने पहुंचे। इसी प्रदर्शन के बाद पीयूष मिश्रा के वीडियो ने दोनों कलाकारों के बीच चल रही सार्वजनिक बहस को फिर सुर्खियों में ला दिया है। बता दें, दिल्ली सीजेपी प्रोटेस्ट का भी नसीरुद्दीन शाह ने समर्थन किया था, जिसके बाद कंहना रनौत उन पर भड़क गई थीं।

ये भी पढ़ें: कानपुर में एल्विश यादव के कार्यक्रम में हंगामा, फैन ने स्टेज पर पहुंचकर खींची जैकेट, मंच से गिरा दोस्त

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।