1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'शरीयत की नजर में मुजरिम हो', सारा अली खान को शिवभक्ति पड़ी भारी, केदारनाथ के दर्शन के चलते फतवा जारी

'शरीयत की नजर में मुजरिम हो', सारा अली खान को शिवभक्ति पड़ी भारी, केदारनाथ के दर्शन के चलते फतवा जारी

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Oct 29, 2026 05:35 pm IST,  Updated : Oct 29, 2026 06:10 pm IST

सारा अली खान के केदारनाथ और उज्जैन महाकाल सहित धार्मिक स्थलों के दर्शन को लेकर मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने फतवा जारी किया। उन्होंने पूजा-पाठ को शरीयत के खिलाफ बताते हुए तौबा करने की सलाह दी।

sara ali khan- India TV Hindi
सारा अली खान। Image Source : SARA ALI KHAN INSTAGRAM

बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान एक बार फिर अपने धार्मिक दौरे को लेकर चर्चा में हैं। एक्ट्रेस मुस्लिम होते हुए भी हिंदू धर्म में विश्वास रखती हैं और धर्मिक स्थलों और तीर्थों के दर्शन करती रहती हैं। वो कई बार केदारनाथ मंदिर के दर्शन के लिए भी जा चुकी हैं। उज्जैन महाकाल के दर्शन के साथ कई और ज्योतिर्लिंग के सारा अली खान ने दर्शन किए हैं और वो खुद शिव भक्त भी बताती हैं। दरअसल सारा अली खान के पिता सैफ अली खान भले ही मुस्लमान हैं, लेकिन उनकी मां अमृता सिंह हिंदू हैं और इसी के चलते उनका बचपन से ही हिंदू पूजा-पाठ की ओर रुझान रहा है, लेकिन कई धर्म के ठेकेदारों को उनका ऐसा करना पसंद नहीं आता और उनकी धर्मिक यात्रा चर्चा का विषय बन जाती हैं। इस बार भी ठीक ऐसा ही हुआ है।  ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने केदारनाथ मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करने को लेकर उनके खिलाफ फतवा जारी किया है। मौलाना ने सारा के इस कदम को इस्लामी शरीयत के खिलाफ बताते हुए इसे नाजायज और हराम करार दिया है। साथ ही उन्होंने अभिनेत्री को अपने इस कृत्य के लिए तौबा करने और अल्लाह से माफी मांगने की नसीहत दी है। इस बयान के बाद धार्मिक आस्था और व्यक्तिगत स्वतंत्रता को लेकर बहस तेज होने की संभावना है।

मंदिर में पूजा-पाठ करने पर उठाए सवाल

मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी के मुताबिक, कुछ मुस्लिम युवाओं ने उनसे सवाल किया था कि क्या किसी मुस्लिम महिला का मंदिर में जाकर पूजा-पाठ करना या दर्शन करना शरीयत के अनुसार सही है। इसी सवाल के जवाब में उन्होंने अपना धार्मिक मत सामने रखा। मौलाना का कहना है कि इस्लामी शरीयत के मुताबिक किसी भी मुस्लिम पुरुष या महिला के लिए दूसरे धर्म के धार्मिक स्थलों पर जाकर वहां की पूजा-पद्धति अपनाना या मूर्ति पूजा करना जायज नहीं है। उन्होंने सारा अली खान के केदारनाथ मंदिर जाने का जिक्र करते हुए कहा कि अभिनेत्री ने वहां दर्शन करने के साथ पूजा-अर्चना भी की थी। मौलाना के अनुसार इस तरह की धार्मिक गतिविधियां शरीयत की नजर में नाजायज और हराम हैं। उन्होंने अपने बयान में सारा के इस कदम को गंभीर धार्मिक गलती बताते हुए उनके आचरण पर सवाल उठाए।

यहां देखें पोस्ट

'शरीयत की नजर में मुजरिम और गुनहगार'

मौलाना ने अपने बयान में सारा अली खान के मंदिर में पूजा करने को बड़ा गुनाह बताया। उनके मुताबिक अभिनेत्री ने केदारनाथ मंदिर में पूजा-पाठ के लिए समय दिया और वहां धार्मिक अनुष्ठान में हिस्सा लिया, जो उनकी धार्मिक व्याख्या के अनुसार स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि इस मामले में सारा को अपने किए पर पछतावा करना चाहिए। हालांकि यह ध्यान रखना जरूरी है कि फतवा मौलाना की धार्मिक व्याख्या और राय को दर्शाता है। इसे किसी अदालत के फैसले या कानूनी सजा के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। इस मामले में सारा अली खान की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने आने की जानकारी उपलब्ध नहीं है।

मौलाना ने दी तौबा करने की सलाह

मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने सारा अली खान को नसीहत दी है कि वह अपने इस कदम पर विचार करें और अल्लाह से सच्चे दिल से माफी मांगें। उन्होंने कहा कि शरीयत के अनुसार ऐसे कृत्य के लिए तौबा करना जरूरी है। उनके बयान ने एक बार फिर सार्वजनिक हस्तियों की धार्मिक यात्राओं और निजी आस्था से जुड़े सवालों को चर्चा में ला दिया है। सारा अली खान पहले भी केदारनाथ यात्रा को लेकर सुर्खियों में रही हैं। अभिनेत्री की धार्मिक स्थलों पर मौजूदगी और अलग-अलग आस्थाओं से जुड़े अनुभव अक्सर लोगों का ध्यान खींचते हैं। फिलहाल, मौलाना के फतवे के बाद यह मामला चर्चा में है। अब देखना होगा कि अभिनेत्री या उनकी टीम इस विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया देती है या नहीं।

बता दें, हाल ही में एक्ट्रेस ने अपने करियर पर भी बात की थी। उन्होंने नेपोटिज्म को लेकर दलील रखी है और बताया कि उनके पिता ने उनके लिए कभी सिफारिश नहीं की, न ही उनके लिए किसी से काम मांगने गए। एक्ट्रेस ने कहा कि उनकी परवरिश मां अमृता ने की, जिसके चलते उन्हें लाइफ में काफी स्ट्रगल करना पड़ा है।

विकास साहनी की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें:  जाह्नवी कपूर कब लेंगी सात फेरे? तीन ब्रेकअप के बाद भी रिश्तों पर भरोसा कायम, बताया शादी का प्लान

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।