1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. ‘पुलिस से न डरें, लाठियों की चिंता न करें’, राहुल गांधी की अपील, 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में मार्च

‘पुलिस से न डरें, लाठियों की चिंता न करें’, राहुल गांधी की अपील, 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में मार्च

 Written By: Vineet Kumar Singh
 Published : Oct 29, 2026 06:07 pm IST,  Updated : Oct 29, 2026 06:12 pm IST

राहुल गांधी ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाले ‘चलो दिल्ली’ मार्च में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने इसे लोकतंत्र, संविधान की रक्षा और कथित वोट चोरी के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन बताया।

Rahul Gandhi Ramlila Maidan March, Chalo Delhi March 2026- India TV Hindi
कांग्रेस नेता राहुल गांधी। Image Source : PTI

Highlights

  • राहुल ने 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाले ‘चलो दिल्ली’ मार्च में शामिल होने की अपील की।
  • राहुल ने कहा- यह किसी एक राजनीतिक पार्टी का नहीं, बल्कि हिंदुस्तान की आत्मा का मार्च है।
  • कांग्रेस नेता ने कहा- पुलिस और लाठियों की चिंता न करें, संविधान की रक्षा के लिए साथ चलें।

नई दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाले ‘चलो दिल्ली’ मार्च में लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा कर कहा कि यह मार्च लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करने तथा कथित ‘वोट चोरी’ को रोकने के लिए निकाला जा रहा है। राहुल गांधी ने जोर देकर कहा कि यह किसी एक राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूरे देश की आवाज है। बता दें कि व्यापारी संघ ने चिट्ठी लिखकर राहुल से इस रैली को स्थगित करने की मांग की थी।

‘यह किसी एक राजनीतिक पार्टी का मार्च नहीं’

राहुल गांधी ने अपने वीडियो संदेश में कहा,

'चलो दिल्ली रामलीला मार्च, लोकतंत्र को बचाने का, वोट चोरी को रोकने का, संविधान को बचाने का मार्च है। यह किसी एक राजनीतिक पार्टी का मार्च नहीं, यह हिंदुस्तान की आत्मा का मार्च है। सब लोग जो नरेंद्र मोदी, अमित शाह, ज्ञानेश कुमार से तंग हैं। सब लोग जो लोकतंत्र को बचाना चाहते हैं, संविधान की रक्षा करना चाहते हैं, आप सब आइए। एक ही प्रोटेस्ट है, देश का प्रोटेस्ट है।'

राहुल बोले, 'पुलिस और लाठियों की चिंता न करें'

राहुल गांधी ने लोगों से अपील की कि वे पुलिस कार्रवाई या लाठीचार्ज की आशंका से न घबराएं। उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी में मार्च को रोकने के लिए किसी तरह की कार्रवाई करने की हिम्मत नहीं होगी। उन्होंने कहा,

'पुलिस की चिंता मत कीजिए, लाठियों की चिंता मत कीजिए। BJP में अपनी किसी भी हरकत को आजमाने की हिम्मत नहीं होगी। हमारे साथ मार्च कीजिए। हम संविधान और भारत राष्ट्र की रक्षा के लिए साथ चलेंगे। घबराने की जरूरत नहीं है।'

राहुल बोले, 'छात्र संगठन भी मार्च में शामिल हों'

राहुल गांधी ने सभी छात्र संगठनों से अपनी राजनीतिक संबद्धता से ऊपर उठकर मार्च में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन विद्यार्थियों को लगता है कि देश पर हमला हो रहा है या उनकी अभिव्यक्ति, विचारों और सोचने की आजादी को निशाना बनाया जा रहा है, उन्हें इस प्रदर्शन का हिस्सा बनना चाहिए। उन्होंने इस मार्च को शानदार बताते हुए कहा कि यह देश की आत्मा के लिए निकाला जा रहा है। राहुल ने कहा कि वह 1 नवंबर को रामलीला मैदान में लोगों से मिलने का इंतजार कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें: 1 नवंबर को रामलीला मैदान में रैली पर दिल्ली पुलिस की सख्त शर्तें, देखें लिस्ट, 5 बजे तक खत्म करना होगा कार्यक्रम

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।