1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Rajat Sharma's Blog | कुल्हाड़ी से वार: बहादुर कैप्टन का चमत्कार

Rajat Sharma's Blog | कुल्हाड़ी से वार: बहादुर कैप्टन का चमत्कार

 Written By: Rajat Sharma
 Published : Oct 29, 2026 05:25 pm IST,  Updated : Oct 29, 2026 05:25 pm IST

कैप्टन स्मित कितने ताकतवर हैं, हिम्मत वाले हैं, इसका एहसास उनकी ताजा तस्वीरों को देख कर हुआ। जिस तरह से सिर फटने के बाद, स्मित ने होश नहीं खोया, कॉकपिट का दरवाज़ा खोला, ये उन पर हनुमान जी की कृपा नहीं तो और क्या है?

Rajat Sharma Blog, Rajat Sharma Blog Latest, Rajat Sharma- India TV Hindi
इंडिया टीवी के चेयरमैन एवं एडिटर-इन-चीफ रजत शर्मा। Image Source : INDIA TV

पूरी दुनिया में भारतीयों का मान बढ़ाने वाले कैप्टन स्मित मच्छार कल पहली बार सार्वजनिक तौर पर नज़र आये। UAE के क्राउन प्रिंस शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने उन्हें गले लगाया और देश के सर्वोच्च सम्मान से नवाज़ा। इस मौके पर कैप्टन के सिर पर कुल्हाड़ी के वार से हुई चोट की जो तस्वीरें आई, उन्हें देख कर रोंगटे खड़े हो जाते हैं। ओमानी को-पायलट ने कुल्हाड़ी से स्मित के सिर पर पीछे से हमला किया था, कुल्हाड़ी कैप्टन की खोपड़ी में धंस गई, खोपड़ी की हड्डी तक टूट गई, इसके बावजूद  को-पायलट लगातार उन पर हमले करता रहा। लेकिन खून से लथपथ कैप्टन स्मित ने हार नहीं मानी, हमलावर का मुकाबला किया, कॉकपिट का दरवाजा खोला और प्लेन को क्रैश होने से बचा कर 174 लोगों की जान बचाई।

कैप्टन स्मित कितने ताकतवर हैं, हिम्मत वाले हैं, इसका एहसास उनकी ताजा तस्वीरों को देख कर हुआ। जिस तरह से सिर फटने के बाद, स्मित ने होश नहीं खोया, कॉकपिट का दरवाज़ा खोला, ये उन पर हनुमान जी की कृपा नहीं तो और क्या है? जिस तरह से कैप्टन स्मित ने 174 लोगों की जान बचाई, ये चमत्कार नहीं तो और क्या है? शेख नाहयान ने कैप्टन स्मित को जो सम्मान दिया, वो हर भारतीय का सम्मान है। सबको इंतज़ार है उस दिन का जब दिलेर कैप्टन स्मित भारत आएंगे।

सनातन विरोधियों को रामदेव की चेतावनी

योग गुरु स्वामी रामदेव देश भर में सनातन को बदनाम करने वालों के खिलाफ अभियान चलाएंगे। इस मुहिम में देशभर के साधु संत और अखाड़े शामिल होंगे। पतंजलि यूनीवर्सिटी के प्राच्य विद्या सम्मेलन में साधु संतों और विद्वानों को बुलाया गया है। इसमें कोई शक नहीं कि रील्स  और WhatsApp university ने सनातन को लेकर ख़ूब दुष्प्रचार किया। सोशल मीडिया के ज़रिए जो कुछ भी संस्कृत में लिखा है, उसे शास्त्रों का कथन बता कर भ्रम फैलाया गया, नारी के सम्मान को लेकर, दलित, वनवासी  समाज को लेकर, देवी देवताओं के खान-पान को लेकर बहुत सी भ्रांतियां फैलाई गईं।

आधा सच, आधा झूठ दिखाकर सनातन को डेंगू और मलेरिया तक बता दिया गया। इनका जवाब देने वाले भी अपने-अपने अंदाज़ में expert opinion देने लगे। इससे गलतफहमियां और बढ़ गई। इसलिए धार्मिक ग्रंथों के बारे में जो भ्रांतियां हैं, उनको दूर करने के लिए स्वामी रामदेव का अभियान स्वागत योग्य है। शास्त्रों में जहां-जहां अर्थ का अनर्थ किया गया है, उन्हें हटाए जाने का प्रयास भी अच्छा है। आज पूरे विश्व में सनातन और उसके धर्म ग्रंथों, वेद और शास्त्रों को लेकर उत्सुकता है। इसीलिए इससे जुड़े दुष्प्रचार का वैज्ञानिक तरीके से उत्तर देने का यही सही समय है।

अनंत अम्बानी का सपना: युवाओं का भारत

भारतीय स्टॉक मार्केट में मुकेश अंबानी की कंपनी Jio Platforms ने रिकॉर्डतोड़ IPO के साथ धमाकेदार एंट्री की। लिस्टिंग के साथ ही Jio Platforms अब देश की दूसरी सबसे कीमती  कंपनी बन गई है। कंपनी का मार्केट कैप साढ़े 12 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है। पहले नंबर पर रिलायंस इंडस्ट्रीज है जिसका मार्केट कैप 16.12 लाख करोड़ रुपये है। Bell ringing ceremony के मौके पर अनंत अंबानी ने जिस तरह अपने दादा धीरूभाई और  पिता मुकेश अंबानी के संघर्षों, उनकी दूरदर्शिता और हिम्मत का ज़िक्र किया तो मुकेश अंबानी भावुक हो गए।

Jio का IPO वैसे तो एक बड़ी success story है पर अनंत अंबानी ने स्टॉक मार्केट की इस सफलता को बहुत भावुक बना दिया। अनंत की बातें सुन कर मुकेश अंबानी की आंखों में आंसू आ गये। अनंत ने Jio को एक बच्चे की पढ़ाई, और मां की सब्ज़ी के रंग से जोड़ दिया। Jio ने इलाज के रास्ते कैसे खोले? सीमा पर जान की बाज़ी लगाने वाले जवान को परिवार के क़रीब कैसे लाकर खड़ा किया? इन बातों का ज़िक्र सिर्फ़ भावना में बहकर नहीं हुआ। अनंत अंबानी ने याद दिलाया कि Digital India का सपना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया।

Digital India की ये दूरदृष्टि न होती तो करोड़ों लोगों के खाते में direct पैसा कैसे पहुंचता? कोविड के समय vaccine कैसे लगती? हर संकट में Digital India काम आया। इसलिए Jio की digital कामयाबी सिर्फ़ सबसे बड़ा IPO या  नंबर-2 की market cap वाली कंपनी बनाने तक सीमित नहीं है, ये लोगों को जोड़ने का काम है। अनंत अंबानी उम्र में छोटे हैं, पर उन्होंने बड़ी बात कही। आने वाला कल भारत का है, युवाओं का है, विकसित भारत के सपने को पूरा करने का है।

देखें: ‘आज की बात, रजत शर्मा के साथ’ 28 अक्टूबर 2026 का पूरा एपिसोड

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।