1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जब स्वास्थ्य शिविर में CM सुक्खू ने खुद करवाया टेस्ट, सही नहीं आई रिपोर्ट, उपकरणों की विश्वसनीयता पर जताई चिंता

जब स्वास्थ्य शिविर में CM सुक्खू ने खुद करवाया टेस्ट, सही नहीं आई रिपोर्ट, उपकरणों की विश्वसनीयता पर जताई चिंता

 Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Oct 29, 2026 02:50 pm IST,  Updated : Oct 29, 2026 02:54 pm IST

सीएम सुक्खू ने शिविर में इस्तेमाल किए जा रहे जांच उपकरणों की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए उनकी सटीकता सुनिश्चित करने की जरूरत पर जोर दिया। इस घटना के बाद स्वास्थ्य शिविरों में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों की गुणवत्ता और जांच के नतीजों की विश्वसनीयता को लेकर सवाल उठे हैं।

सीएम सुक्खू ने कराया टेस्ट- India TV Hindi
सीएम सुक्खू ने कराया टेस्ट Image Source : REPORTER INPUT

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और अस्पतालों में इस्तेमाल किए जा रहे जांच उपकरणों की विश्वसनीयता पर ही सवाल उठाए हैं। मुख्यमंत्री ने हाल ही में शिमला के कृष्णा नगर में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में अपना ब्लड शुगर टेस्ट करवाया, जिसमें उपकरण ने उनका शुगर लेवल 177 बताया। इस रिपोर्ट को लेकर उन्होंने जांच उपकरणों की कार्यप्रणाली पर चिंता जताई।

सीएम ने जानबूझकर कराया शुगर टेस्ट

बीते दिन सचिवालय में नवनियुक्त चिकित्सा अधिकारियों के साथ सचिवालय में संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने जानबूझकर अपना शुगर टेस्ट करवाया, ताकि यह पता लगाया जा सके कि स्वास्थ्य शिविर में इस्तेमाल किए जा रहे उपकरण कितने विश्वसनीय हैं। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने संबंधित कर्मचारियों से पूछा कि क्या उपकरण की जांच करवाई गई है, तो जवाब मिला कि कुछ लोगों की रिपोर्ट सही आ रही थी, जबकि कुछ के मामले में गड़बड़ी देखने को मिली।

सीएम ने उठाए सवाल

मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि आखिर एक ही उपकरण से कुछ लोगों की रिपोर्ट सही और कुछ की गलत कैसे आ सकती है? उन्होंने चिंता जताई कि यदि जांच रिपोर्ट गलत आती है, तो डॉक्टर उसी के आधार पर मरीज को दवा लिख सकता है। ऐसी स्थिति में स्वस्थ व्यक्ति को भी गलत रिपोर्ट के आधार पर शुगर की दवा दिए जाने का खतरा पैदा हो सकता है।

मरीजों के इलाज पर पड़ सकता है असर

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज स्वास्थ्य सेवाओं में तकनीक पर काफी निर्भरता बढ़ गई है, लेकिन उपकरणों की गुणवत्ता और उनकी नियमित जांच सुनिश्चित करना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि जांच उपकरणों की विश्वसनीयता पर ध्यान नहीं दिया गया, तो इसका सीधा असर मरीजों के उपचार पर पड़ सकता है।

उन्होंने कहा कि यह स्थिति केवल जोनल अस्पताल तक सीमित नहीं होनी चाहिए। यदि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) में भी खराब उपकरणों से जांच की जाती है, तो यह स्वास्थ्य विभाग और सरकार के स्तर पर व्यवस्था की कमी मानी जाएगी।

मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाना

मुख्यमंत्री सुक्खू ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी अधिकारी या कर्मचारी पर दोषारोपण करना नहीं है। उन्होंने कहा कि वह किसी को यह कहने के लिए नहीं टोक रहे कि किसने क्या गलती की, बल्कि उनका मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाना है। उन्होंने अधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग से व्यवस्था की कमियों को गंभीरता से देखने तथा नई योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर ध्यान देने की बात कही। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के साथ नई पीढ़ी की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को समझना और उनके अनुरूप योजनाओं को विकसित करना आवश्यक है।

कपिल ठाकुर की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

मैला साफ करने, सीवर या सेप्टिक टैंक की सफाई में जान गंवाने वाले कर्मचारियों के परिवारों को 30 लाख रुपये का मुआवजा दें- सुप्रीम कोर्ट का सख्त निर्देश

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।