1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. MLC चुनाव में कांग्रेस की करारी हार पर अमित शाह ने कसा तंज, बोले- "Ballot Box इस्तीफा दो"

MLC चुनाव में कांग्रेस की करारी हार पर अमित शाह ने कसा तंज, बोले- "Ballot Box इस्तीफा दो"

 Written By: Malaika Imam
 Published : Oct 28, 2026 11:03 pm IST,  Updated : Oct 28, 2026 11:16 pm IST

MLC चुनाव के नतीजों को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तंज कसते हुए कहा कि 28 सीटों में कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली। उन्होंने 'बैलेट बॉक्स इस्तीफा दो' लिखकर कांग्रेस पर कटाक्ष किया।

Amit Shah- India TV Hindi
अमित शाह Image Source : PTI

MLC चुनाव के नतीजे आने के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर करारा हमला किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद अब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कांग्रेस पर तंज कसा। उन्होंने लिखा, "28 में से कितनी सीटें जीतीं... 0।" इसके साथ ही उन्होंने कहा, "Ballot Box इस्तीफा दो।"

अमित शाह ने 28 MLC सीटों पर हुए चुनाव और कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर निशाना साधा है। इन चुनावों में उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक की 28 विधान परिषद सीटों के लिए वोटिंग हुई थी। इन चुनावों में बैलेट पेपर का इस्तेमाल किया गया था।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा था। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक में हुई 28 MLC सीटों के चुनाव का जिक्र किया। पीएम मोदी ने लोगों से सवाल किया कि बैलेट पेपर से हुए इन चुनावों में कांग्रेस को कितनी सीटें मिलीं।

कर्नाटक में कांग्रेस को बड़ा झटका

इन चुनावों में कांग्रेस को सभी सीटों पर हार का सामना करना पड़ा। कर्नाटक में पार्टी चारों सीटें हार गई। कर्नाटक विधान परिषद की चार सीटों के चुनाव परिणामों में NDA ने सभी सीटों पर जीत दर्ज की। चुनाव में तीन मौजूदा MLC मैदान में थे और BJP के दोनों सिटिंग MLC अपनी सीट बचाने में सफल रहे। वहीं, विधान परिषद में कांग्रेस के उपनेता और पांच बार के MLC पुट्टना की हार ने पार्टी को बड़ा झटका दिया।

चार राज्यों में विधान परिषद की 28 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को वोटिंग हुई थी। उत्तर प्रदेश में शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटों पर चुनाव हुआ। वहीं, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक में भी अलग-अलग सीटों के लिए मतदान कराया गया।

बैलेट पेपर को लेकर फिर छिड़ी बहस

कांग्रेस और कई विपक्षी पार्टियां लंबे समय से मांग करती रही हैं कि चुनाव EVM के बजाय बैलेट पेपर से कराए जाएं। विपक्ष का मानना है कि बैलेट पेपर से चुनाव कराने पर चुनावी प्रक्रिया को लेकर भरोसा बढ़ सकता है। अब MLC चुनाव में बैलेट पेपर के इस्तेमाल के बावजूद कांग्रेस को मिली हार को लेकर बीजेपी ने तंज कसना शुरू कर दिया है।

ये भी पढ़ें-

यूपी MLC चुनाव: गोरखपुर में कांटे की टक्कर में BJP की जीत, सपा ने लगाया गड़बड़ी का आरोप; उम्मीदवार बदलना भी नहीं आया काम

वाराणसी में MLC की दोनों सीटों पर हुई कांटे की टक्कर, समाजवादी पार्टी को मिली जीत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।