1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी MLC चुनाव के नतीजे हुए साफ, 6 पर BJP और 5 पर सपा का कब्जा, अखिलेश यादव बोले- 'ये डबल इंजन की डबल हार'

यूपी MLC चुनाव के नतीजे हुए साफ, 6 पर BJP और 5 पर सपा का कब्जा, अखिलेश यादव बोले- 'ये डबल इंजन की डबल हार'

 Reported By: Ruchi Kumar,  Written By: Subhash Kumar
 Published : Oct 29, 2026 05:28 pm IST,  Updated : Oct 29, 2026 10:49 pm IST

उत्तर प्रदेश में MLC चुनाव 2026 के नतीजे सामने आ गए हैं। चुनाव में 6 सीटों पर भाजपा और 5 सीटों पर सपा की जीत हुई है। अब सपा के प्रमुख अखिलेश यादव ने इस चुनाव परिणाम को डबल इंजन की डबल हार करार दिया है।

up mlc election result BJP vs SP Akhilesh yadav- India TV Hindi
यूपी MLC चुनाव के नतीजे सामने आए। Image Source : PTI

उत्तर प्रदेश में 11 सीटों पर हुए विधानसभा चुनाव के परिणाम सामने आ गए हैं। 11 में से 6 सीटों पर बीजेपी को जीत मिली है और 5 सीटों पर समाजवादी पार्टी को जीत मिली है। बता दें कि पिछली बार बीजेपी को 6 सीट मिली थी, इस बार भी 6 पर हैं। लेकिन पिछली बार से समाजवादी पार्टी को 2 सीट का फायदा हुआ है और ये दो सीट वाराणसी और लखनऊ हैं। यूपी की दो महत्वपूर्ण सीटों पर दोनों जगह MLC चुनाव में समाजवादी पार्टी की जीत हुई है। ऐसे में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव इस जीत से गदगद नजर आ रहे हैं। अखिलेश यादव ने इस चुनाव परिणाम को डबल इंजन की डबल हार करार दिया है।

क्या रहा 11 सीटों का रिजल्ट?

यूपी में सभी 11 विधानपरिषद सीटों के फाइनल नतीजे आ गए हैं। चुनाव में 6 सीटों पर बीजेपी जीती और 5 सीटें समाजवादी पार्टी के खाते में गईं। बीजेपी को कोई नुकसान नहीं हुआ लेकिन समाजवादी पार्टी को दो सीटों का फायदा हुआ है है। पिछले इलेक्शन में दो सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार जीते थे लेकिन इस बार किसी निर्दलीय को कामयाबी नहीं मिली। गोरखपुर शिक्षक सीट पिछले इलेक्शन में निर्दलीय ने जीती थी। इस बार इस सीट पर बीजेपी ने कब्जा कर लिया। लेकिन पिछले इलेक्शन में लखनऊ स्नातक की जो सीट बीजेपी जीती थी, उस पर इस बार समाजवादी पार्टी ने कब्जा कर लिया। इसी तरह आगरा शिक्षक सीट भी इस बार निर्दलीय के बजाए समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार ने जीत ली। हालांकि, अखिलेश को आगरा या लखनऊ में सीट पर मिली जीत से ज्यादा खुशी इस बात की है कि समाजवादी पार्टी ने वाराणसी की टीचर और ग्रेजुएट सीट बचा ली। ये दोनों सीटें पिछले इलेक्शन में भी समाजवादी पार्टी ने ही जीती थी लेकिन इस बार मिली कामयाबी को अखिलेश बड़ी जीत बता रहे हैं।

सीट पार्टी
मेरठ (टीचर) बीजेपी
बरेली-मुरादाबाद (टीचर) बीजेपी
लखनऊ (टीचर) बीजेपी
गोरखपुर-फैजाबाद (टीचर) बीजेपी
आगरा (ग्रेजुएट) बीजेपी
मेरठ (ग्रेजुएट) बीजेपी
वाराणसी (टीचर) सपा
वाराणसी (ग्रेजुएट) सपा
आगरा (टीचर) सपा
लखनऊ (ग्रेजुएट) सपा
प्रयागराज-झांसी (ग्रेजुएट) सपा

ये डबल इंजन की डबल हार- अखिलेश

अखिलेश यादव ने कहा- "प्रिय मतदाताओं, भाजपा एक 'फ्लॉप शो' बन गई है। भाजपा वाले वाराणसी में पहले ‘काउंटिंग’ में हारे, फिर दोबारा ‘री-काउंटिंग’ में हारे, मतलब दो बार मतगणना हुई और दोनों बार भाजपा और उनके संगी-साथी हारे। ये डबल इंजन की डबल हार है। विधान परिषद के चुनावों में भाजपा की हार ने 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की प्रस्तावना लिख दी है। ये एक तरफ भाजपा की ‘शिक्षक, शिक्षार्थी व शिक्षा’ विरोधी नीतियों की हार है, तो दूसरी तरफ़ पढ़े-लिखे ‘बेरोजगार स्नातकों’ ने भी अपना फैसला सुना दिया है।"

PDA का जनाधार अब 95% हो गया- अखिलेश

अखिलेश यादव ने कहा- "भाजपा ने हर समाज को जिस तरह ‘पीड़ित, दुखी, अपमानित’ किया है, उससे सभी उत्पीड़ित एक साथ आ गए हैं। पीडीए का जनाधार अब 95% हो गया है, क्योंकि ‘जो पीड़ित, वो पीडीए’! इससे भाजपा में अस्तित्व का संकट शुरू हो गया है, क्योंकि भाजपा के अंदर तो सभी लोग जानते हैं कि जो सीटें भाजपा जीती भी है, वो भी हेराफेरी से जीती गई हैं। भाजपा की अंदरूनी फूट से डबल इंजन की टकराहट और बढ़ गई है। इसीलिए भाजपाई प्रत्याशी विधानसभा चुनाव लड़ने की हिम्मत पूरी तरह हार गए हैं। जो भाजपा अब तक प्रत्याशियों का सर्वे करा रही थी, वो अब दूरबीन लेकर प्रत्याशी ढूंढ़ रही है, पर कहीं कोई नजर नहीं आ रहा है। भाजपा की टिकट की खिड़की खाली है।"

हमारा कोई भी प्रत्याशी हारा नहीं है- अखिलेश 

अखिलेश यादव ने कहा- "इस उत्साहवर्धक जीत के लिए उत्तर प्रदेश के परम आदरणीय शिक्षकगण व अपने भविष्य के लिए चिंतित युवाओं का हम हृदय से आभार प्रकट करते हैं कि उन्होंने न केवल हमें वोट दिया, बल्कि हमारे ‘पीडीए प्रहरियों’ के साथ यथासंभव निगरानी भी रखी और प्रमाणपत्र मिलने तक डटे रहे। हम अपने सभी जीते हुए प्रत्याशियों को बधाई देते हैं और उनको भी, जिनको चालबाजी-जालसाजी से हराया गया। दरअसल, हमारा कोई भी प्रत्याशी हारा नहीं है, बस वो भाजपाई हेराफेरी के आगे जीत नहीं पाया। हम उनका भी बराबर अभिनंदन करते हैं। हमारे लिए वे सब भी बिना सर्टिफिकेट के विजेता हैं। यही सजगता और एकजुटता 2027 में हमारी सरकार बनाने के लिए ‘निर्णायक नींव’ बनेगी। पुनः सभी मतदाताओं को कोटि-कोटि हार्दिक धन्यवाद!"

ये भी पढ़ें- वाराणसी में MLC की दोनों सीटों पर हुई कांटे की टक्कर, समाजवादी पार्टी को मिली जीत

यूपी MLC चुनाव: गोरखपुर में कांटे की टक्कर में BJP की जीत, सपा ने लगाया गड़बड़ी का आरोप; उम्मीदवार बदलना भी नहीं आया काम

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।