1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. बहादुर बेटी की हिम्मत लाई रंग, मोबाइल छीनकर भागे स्नैचरों का खुद किया पीछा, पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोचा

बहादुर बेटी की हिम्मत लाई रंग, मोबाइल छीनकर भागे स्नैचरों का खुद किया पीछा, पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोचा

 Reported By: Abhay Parashar,  Edited By: India TV Delhi Bureau Desk
 Published : Oct 29, 2026 05:19 pm IST,  Updated : Oct 29, 2026 05:19 pm IST

साहस और सूझबूझ का अद्भुत परिचय देते हुए खुशी माहेश्वरी नामक युवती ने हार मानने के बजाय दो मोटरसाइकिल सवार स्नैचरों का बहादुरी से पीछा किया। जिसकी वजह से आरोपियों को पकड़ा जा सका है।

मोबाइल फोन छीनने के बाद बहादुर युवती ने स्नैचरों का किया पीछा; दोनों आरोपी गिरफ्तार- India TV Hindi
मोबाइल फोन छीनने के बाद बहादुर युवती ने स्नैचरों का किया पीछा; दोनों आरोपी गिरफ्तार Image Source : INDIA TV

देश की राजधानी दिल्ली में लगातार बढ़ती स्नैचिंग के मामलों के बीच एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान करने के साथ-साथ बेटियों के साहस और हौसले की एक शानदार मिसाल भी पेश की है। दिल्ली की एक बहादुर लड़की ने अपनी जान की परवाह न करते हुए सूझबूझ और हिम्मत का परिचय दिया, जिसके चलते पुलिस ने दो शातिर फोन स्नैचरो को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। साहस और सूझबूझ का अद्भुत परिचय देते हुए खुशी माहेश्वरी नामक युवती ने हार मानने के बजाय दो मोटरसाइकिल सवार स्नैचरों का बहादुरी से पीछा किया। दोनों आरोपियों ने उस समय उसका मोबाइल फोन जबरन छीन लिया, जब वह अपनी क्लास से घर लौट रही थी। स्कूटी से गिरने के कारण मामूली चोटें आने के बावजूद उसने आरोपियों का पीछा किया और उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कब का मामला

मामला 28 अक्तूबर रात लगभग 8:30 बजे का है। 24 वर्षीय खुशी माहेश्वरी अशोक विहार में अपनी क्लास खत्म करने के बाद घर लौट रही थी। जब वह अपनी स्कूटी से आजादपुर की ओर जा रही थी, तभी शालीमार बाग मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास मोटरसाइकिल सवार दो युवक पीछे से उसके पास आए। मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे व्यक्ति ने उसका हाथ मरोड़कर और जोर से झटका देकर एप्पल आईफोन 16 प्रो छीन लिया। इस कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर गई, जिससे उसे मामूली चोटें आईं।

हालांकि, असाधारण साहस एवं दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए खुशी ने तुरंत चोर-चोर का शोर मचाया और अपनी स्कूटी से भाग रहे आरोपियों का पीछा करना शुरू कर दिया। रिंग रोड फ्लाईओवर पर मुकुंदपुर की ओर जाते समय यातायात के कारण आरोपियों की मोटरसाइकिल की गति धीमी हो गई, जिसका फायदा उठाकर खुशी ने उन्हें रोकने की कोशिश की। आरोपियों में से एक ने उसकी स्कूटी को धक्का देकर उसे गिराने की कोशिश की, लेकिन उसने साहसपूर्वक पीछा जारी रखा। इस दौरान दोनों वाहन सड़क पर गिर गए। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी के बीच एक आरोपी को आम जनता ने पकड़ लिया, जबकि दूसरा फ्लाईओवर से नीचे कूद गया, जिसे मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी ने पकड़ लिया। आम जनता की सहायता से दोनों आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से छीना गया एप्पल आईफोन 16 प्रो तथा तीन अन्य मोबाइल फोन बरामद किए गए।

आरोपियों की हुई पहचान
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान समीर उर्फ खचरा, पुत्र कमरुद्दीन, निवासी बालाजी मंदिर के पास, भलस्वा डेयरी, दिल्ली, उम्र 19 वर्ष तथा मोहित उर्फ मोहिता, पुत्र संदीप, निवासी मुकुंदपुर पार्ट-II, दिल्ली, उम्र 19 वर्ष के रूप में बताई। इस संबंध में थाना शालीमार बाग में एफआईआर संख्या 375/26, धारा 309(4)/3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। सत्यापन के दौरान तीन अतिरिक्त मोबाइल फोन बरामद किए गए। इनमें से एक मोबाइल फोन ई-एफआईआर संख्या 80070272/26, थाना आदर्श नगर से संबंधित चोरी का पाया गया, जबकि दूसरा मोबाइल फोन ई-एफआईआर संख्या 80093013/26, थाना जहांगीर पुरी से संबंधित चोरी का पाया गया। तीसरा मोबाइल फोन लॉक अवस्था में मिला। आरोपियों के खुलासे के अनुसार, यह मोबाइल फोन उसी दिन मुकुंदपुर फ्लाईओवर से छीना गया था। इसके अतिरिक्त, वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, पंजीकरण संख्या DL-14-SW-2718, भी चोरी की पाई गई। यह मोटरसाइकिल थाना मधु विहार में दर्ज ई-एफआईआर संख्या 019555/26, दिनांक 21.08.2026, से संबंधित है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।