1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में फेस्टिव सीजन के बीच बड़ा कांड, दिनदहाड़े 2.30 करोड़ की लूट, जांच में जुटी पुलिस

दिल्ली में फेस्टिव सीजन के बीच बड़ा कांड, दिनदहाड़े 2.30 करोड़ की लूट, जांच में जुटी पुलिस

 Reported By: Kumar Sonu,  Written By: India TV Delhi Bureau Desk
 Published : Oct 29, 2026 12:24 pm IST,  Updated : Oct 29, 2026 12:24 pm IST

दिल्ली के लाहौरी गेट इलाके में दिनदहाड़े 2.30 करोड़ रुपये की सनसनीखेज लूट का मामला सामने आया है। हथियारबंद बदमाशों ने ऑफिस में घुसकर गनपॉइंट पर वारदात को अंजाम दिया और कार से फरार हो गए।

Delhi News - India TV Hindi
दिल्ली में फेस्टिव सीजन के बीच 2.30 करोड़ की लूट Image Source : REPORTER INPUT

नई दिल्ली: देश की राजधानी में बदमाशों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी एक उदाहरण पुरानी दिल्ली के व्यस्त इलाके लाहौरी गेट में देखने को मिला है। त्योहारी सीजन के बीच राजधानी दिल्ली में बुधवार को दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। दरअसल, चर्च मिशन पुलिस चौकी के अंतर्गत आने वाले एक प्राइवेट दफ्तर में चार बदमाश योजनाबद्ध तरीके से घुसे और महज कुछ ही मिनटों में ही 2 करोड़ 30 लाख रुपए की भारी रकम लूटकर फरार हो गए। आइए जानते हैं क्या है पूरी खबर।

योजना बनाकर लूट को दिया गया अंजाम

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, इस पूरी डकैती को बहुत चालाकी से अंजाम तक पहुंचाया गया। बदमाशों को इस बात की पूरी खबर थी कि दफ्तर में कैश रखा हुआ है। पैसा लूटने के लिए चार हथियारबंद बदमाश अचानक ऑफिस के अंदर दाखिल हुए और वहां मौजूद कर्मचारी को अपनी पिस्तौल की नोक पर डराया। बदमाशों ने कर्मचारी को जान से मारने की धमकी दी, जिसके बाद दहशत में आकर कर्मचारी ने विरोध करने की हिम्मत नहीं जुटाई। बदमाशों ने पलक झपकते ही अलमारी में रखे 2.30 करोड़ रुपये एक बड़े बैग में भर दिए।

पैसा लूटने के बाद कार से हुए फरार

बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने के बाद का प्लान भी पहले से ही तैयार किया हुआ था। उन्होंने पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के बिल्कुल सामने अपनी एक कार पहले से ही खड़ी की हुई थी, जिसमें उनका एक अन्य साथी ड्राइवर के रूप में उनका इंतजार कर रहा था। जैसे ही चारों बदमाश बैग लेकर दफ्तर से बाहर निकले, वे तुरंत उस कार में सवार होकर भीड़भाड़ वाले इलाके से आंखों में धूल झोंकते हुए फरार हो गए।

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज

देश की राजधानी दिल्ली में दिनदहाड़े हुई इस करोड़ों की लूट की सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। लाहौरी गेट थाने में इस मामले के तहत संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने अपराधियों की धरपकड़ के लिए अपनी चार विशेष टीमें गठित कर दी हैं। घटनास्थल से लेकर पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन और उसके आगे तक के तमाम रास्तों के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि बदमाशों के आने और भागने के पूरे रूट का सुराग मिल सके। त्योहार के दिनों में इस तरह की दुस्साहसिक वारदात ने दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ये भी पढ़ें-

दिल्ली में 30 लाख की हेरोइन के साथ पकड़ा गया B.Com का छात्र, विदेशी नागरिक से ड्रग्स लेने का शक

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।