1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में 30 लाख की हेरोइन के साथ पकड़ा गया B.Com का छात्र, विदेशी नागरिक से ड्रग्स लेने का शक

दिल्ली में 30 लाख की हेरोइन के साथ पकड़ा गया B.Com का छात्र, विदेशी नागरिक से ड्रग्स लेने का शक

 Published : Oct 28, 2026 07:21 pm IST,  Updated : Oct 28, 2026 07:21 pm IST

हरियाणा के गुरुग्राम निवासी बीकॉम के अंतिम वर्ष के छात्र को 24 अक्टूबर को द्वारका के सेक्टर-1 से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस अब हेरोइन के स्रोत, उसके संभावित खरीदारों और कथित सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।

Dwarka Drug Case- India TV Hindi
दिल्ली में 30 लाख की हेरोइन बरामदगी Image Source : INDIA TV REPRESENTATIONAL

दिल्ली के द्वारका में पुलिस ने 22 वर्षीय बीकॉम छात्र को 101 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 25 से 30 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस को शक है कि इस मामले के तार अंतरराज्यीय ड्रग सप्लाई नेटवर्क से जुड़े हैं, जिसमें जनकपुरी में रहने वाला एक विदेशी नागरिक भी शामिल हो सकता है।

सूचना के आधार पर पुलिस कार्रवाई

अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी रोहित को 24 अक्टूबर को सेक्टर-1 स्थित हरसुख अपार्टमेंट्स के पास मिली सूचना के आधार पर पकड़ा गया। वह हरियाणा के गुरुग्राम जिले का निवासी है। पुलिस ने उसके पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

विदेशी नागरिक से हेरोइन लेने का आरोप

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान रोहित ने कथित तौर पर बताया कि वह हरियाणा से दक्षिण-पश्चिम दिल्ली हेरोइन की खेप लेने आया था। उसने यह भी बताया कि जैविंदर नाम के व्यक्ति के निर्देश पर उसने जनकपुरी में रहने वाले एक विदेशी नागरिक से हेरोइन ली थी। पुलिस के मुताबिक, जैविंदर कथित तौर पर उस सप्लायर के संपर्क में था।

दो दिन की पुलिस हिरासत में आरोपी

पुलिस ने बताया कि हेरोइन के स्रोत, उसे कहां पहुंचाया जाना था और कथित तस्करी नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए आरोपी को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस संबंधित इलाकों की सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है, ताकि आरोपी की गतिविधियों की पुष्टि की जा सके और संदिग्ध सप्लायर तथा उसके अन्य सहयोगियों की पहचान हो सके। इस मामले में 24 अक्टूबर को द्वारका साउथ थाने में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी।

बीकॉम के फाइनल ईयर का छात्र है आरोपी

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, रोहित हरियाणा के एक कॉलेज में बीकॉम के फाइल ईयर की पढ़ाई कर रहा है। उसका पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। पुलिस संदिग्ध विदेशी नागरिक और जैविंदर का पता लगाने के साथ कथित सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।

(रिपोर्ट-PTI)

ये भी पढ़ेंः दिल्ली SIR पर सुप्रीम कोर्ट का सवाल- "पहले से वोटर हैं तो Form-6 क्यों?" चुनाव आयोग से मांगा जवाब

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।