A
Hindi News दिल्ली पत्नी ने पति पर डाल दिया खौलता हुआ तेल, फिर जख्म में छिड़क दिया मिर्च पाउडर, दिल्ली की है घटना

पत्नी ने पति पर डाल दिया खौलता हुआ तेल, फिर जख्म में छिड़क दिया मिर्च पाउडर, दिल्ली की है घटना

राजधानी दिल्ली में एक पत्नी ने सोते हुए पति पर खौलता हुआ तेल डाल दिया है। महिला ने इसके बाद पति के घाव पर मिर्च पाउडर भी छिड़क दिया। इस घटना के बारे में सुनकर हर कोई हैरान है।

delhi wife husband burning oil- India TV Hindi Image Source : FREEPIK सांकेतिक फोटो।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से एक बड़ा ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। एक महिला ने रात में सो रहे पति पर खौलता तेल डाल दिया। महिला यहीं नहीं रुकी और उसने पति के जख्मों पर मिर्च पाउडर छिड़क दिया। घटना के बाद पति को गंभीर रूप से जली हुई हालत में सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, शख्स का शरीर 20 प्रतिशत तक जला हुआ है। इस वारदात के बारे में जानकर हर कोई हैरान है। आइए जानते हैं इस घटना के बारे में विस्तार से।

क्या है पूरा मामला?

दिल को दहला देने वाली ये घटना दिल्ली के मदनगीर इलाके में 2 और 3 अक्टूबर की दरमियानी रात को सामने आई है। पीड़ित शख्स की पहचान दवा कंपनी के कर्मचारी दिनेश के रूप में हुई है। पुलिस ने जो शिकायत दर्ज की है उसके मुताबिक, करीब रात 3 बजे जब दिनेश सो रहा था तभी उसकी पत्नी साधना ने उसके शरीर पर गर्म तेल डाल दिया था। जब ये पूरी घटना हुई तब उनकी 8 साल की बेटी भी घर में मौजूद थी।

पीड़ित ने क्या बताया?

पीड़ित दिनेश ने बताया- "मेरी पत्नी और बेटी पास में ही सो रही थीं। रात करीब सवा तीन बजे मुझे अचानक पूरे शरीर में तेज जलन महसूस हुई। मैंने देखा कि मेरी पत्नी खड़ी है और मेरे धड़ और चेहरे पर खौलता हुआ तेल डाल रही है। इससे पहले कि मैं उठ पाता या मदद के लिए पुकार पाता उसने मेरे जले हुए हिस्से पर लाल मिर्च पाउडर छिड़क दिया। विरोध करने पर पत्नी ने कहा कि अगर शोर मचाया तो और गरम तेल डाल दूंगी।"

प्रत्यक्षदर्शी ने क्या बताया?

जब जलन और पीड़ा के कारण दिनेश चीखने लगा तो आवाज सुनकर पड़ोसी और नीचे वाली मंजिल पर रहने वाले मकान मालिक का परिवार घर की ओर आया। फिर उसे अस्पताल लेकर जाया गया। मकान मालिक की बेटी अंजलि ने बताया- "दिनेश की पत्नी ने दरवाज़ा अंदर से बंद कर लिया था। हमने उनसे दरवाज़ा खोलने को कहा। आखिरकार दरवाजा खुला तो हमने देखा कि वह दर्द से तड़प रहे थे और उनकी पत्नी घर के अंदर छिपी हुई थी। पत्नी साधना ने उनसे कहा कि वह अपने पति को अस्पताल ले जा रही है। लेकिन जब वह उसके साथ बाहर आई, तो वह विपरीत दिशा में चली गई। हमें शक हुआ। मेरे पिता ने उसे रोका, एक ऑटो का इंतज़ाम किया और दिनेश को राम सागर के साथ अस्पताल ले गए।"

पुलिस ने अब तक क्या एक्शन लिया?

दिनेश को पहले पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी छाती, चेहरे और हाथों पर गहरे जले हुए निशान देखकर डॉक्टरों ने उसे सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस के मुताबिक, मेडिकल रिपोर्ट में दिनेश की चोटों को खतरनाक जलन वाली बताया गया है। दिनेश की शादी को 8 साल हो चुके हैं। दो साल पहले दिनेश की पत्नी ने महिला अपराध प्रकोष्ठ में शिकायत दर्ज कराई थी लेकिन समझौते के बाद मामला सुलझ गया था। पुलिस के सूत्र ने जानकारी दी है कि घटना वाले दिन भी दंपति के बीच झगड़ा हुआ था।पुलिस ने पत्नी के खिलाफ BNS की धारा 118, 124, 326 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल गिरफ्तारी नहीं हुई है और मामले की जांच की जा रही है। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- दिल्ली में छत पर टहलने के दौरान गिरीं दो लड़कियां, एक की मौत; दूसरी की हालत नाजुक

राजस्थान: श्रीमाधोपुर में बड़ा ट्रेन हादसा, मालगाड़ी के तीन दर्जन से अधिक डिब्बे रेलवे ट्रैक से उतरे, मचा हड़कंप