दिल्ली के कीर्तिनगर में प्रदूषण कम करने के लिए पोल माउंटेड डस्ट कैचर मशीनें लगाई गई हैं। दिल्ली की प्रदूषित हवा को साफ करने के लिए पहली बार इन मशीनों को लगाया गया है। फिलहाल प्रयोग के तौर पर अभी 21 मशीनें ही लगाई गई हैं। इस मशीन को स्ट्रीट लाइट के पोल में लगाया गया है। यह एक फिल्टर लेस मशीन है, जिसके द्वारा धूल और धुआं दोनों साफ किया जा सकता है। इस एक मशीन के द्वारा 1 घंटे में 3 लाख लीटर हवा को शुद्ध किया जा सकता है। इस मशीन के इनलेट से प्रदूषित हवा को अंदर लिया जाता है और उसे साफ करके दूसरी तरफ से आउटलेट से निकाल दिया जाता है।
हवा में मौजूद पोल्यूटेन्ट को करेगी इकट्ठा
इस मशीन के साथ ही एक बॉक्स लगा हुआ है, जिसमें हवा में मौजूद पोल्यूटेन्ट को इकट्ठा किया जाता है। जब इस बॉक्स में 2.5 किलो पोल्यूटेन्ट जमा हो जाता है तो कंट्रोल सेन्टर में संदेश चला जाता है। उसके बाद उस बॉक्स को बदल दिया जाता है। इसके बाद मशीन फिर से काम करने लगती है। हवा में मौजूद प्रदूषण के कारक जो इस मशीन के द्वारा जमा किया जाता है, उसे बाद में कम्प्रेस करके ईंट बना लिया जाता है।
सौर ऊर्जा से चलाने की योजना
फिलहाल ये मशीन बिजली से चल रही है, लेकिन इसके ऊपर सोलर प्लेट लगाकर सौर ऊर्जा से चलाया जाएगा। अगर ये प्रयोग सफल रहा तो इस मशीन को दिल्ली के सभी इलाकों में लगाया जाएगा। इस मशीन को IIT दिल्ली ने एक इनोवेशन चैलेंज के द्वारा सलेक्ट किया था। इस मशीन के द्वारा स्थानीय प्रदूषण आसानी से कम किया जा सकता है। अगर यह मशीन मानकों पर खरा उतरती है तभी इसे दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में लगाया जाएगा। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी इस मशीन की जांच की। अगर यह प्रयोग सफल रहा तो इससे दिल्ली के प्रदूषण पर काफी हद का काबू पाया जा सकता है।
यह भी पढ़ें-
'अनगिनत अवसर कर रहे इंतजार', 51 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित कर बोले PM मोदी