बाराबंकी: यूपी के बाराबंकी जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां फतेहपुर थाना क्षेत्र के झांसा गांव में एक तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक बिजली नहीं होने की वजह से परिवार के लोग घर के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान रोड पर जा रहे एक अनियंत्रित डंपर ने सो रहे परिवार के सदस्यों को कुचल दिया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। फिलहाल आरोपी डंपर चालक फरार बताया जा रहा है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
घर के बाहर सो रहा था परिवार
पुलिस ने बताया कि मामला शुक्रवार की रात का है। यहां बिजली न होने के कारण परिवार के सदस्य घर के बाहर सड़क किनारे सो रहे थे। इसा दौरान तेज रफ्तार डंपर बेकाबू हो गया। रात करीब दो बजे डंपर ने पहले सड़क किनारे एक पेड़ में टक्कर मारी और फिर घर के बाहर सो रहे परिवार के लोगों को कुचल दिया। पुलिस ने बताया कि चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। उन्होंने आनन-फानन में घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने बताया कि डॉक्टरों ने नीरज (35) और उसके बच्चों- अनुराग (13), अंशू (6) और अंशिका (10) को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसकी पत्नी आरती (35) की हालत नाजुक है। फिलहाल महिला को डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ रेफर किया गया है।
हादसे के बाद से डंपर चालक फरार
इस दर्दनाक हादसे को लेकर फतेहपुर के सीओ जगतराम कन्नौजिया ने बताया कि नीरज किराए पर वैन चलाकर आजीविका कमाता था। उन्होंने बताया कि बिजली न आने के कारण सभी लोग घर के बाहर सो रहे थे। सीओ के मुताबिक हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। फिलहाल चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
यह भी पढ़ें-
दिल्ली-NCR में तपती गर्मी से राहत, तेज हवाओं के साथ बारिश, आसमान में काले बादलों ने डाला डेरा