नई दिल्लीः दिल्ली में उत्तर पश्चिम जिले के पीतमपुरा के कोहाट एंक्लेव में बुजुर्ग दंपति की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। लूटपाट के बाद हत्या की आशंका है। कोहाट एनक्लेव के मकान नंबर 317 के दूसरी मंजिल पर दंपति रहते थे। दोनों की निमुलाइजर की पाइप से गलाघोंट हत्या की गई है। जानकारी के मुताबिक आज सुबह करीब 10 बजे जब ड्राइवर घर पहुंचा तो घर का दरवाजा नही खुला तो ड्राइवर उनके ठीक बगल वाले मकान में दंपति के दोनों बेटे रहते है,उनसे जाकर बताया। जिसके बाद दंपति की पुत्र वधु ने ऊपर जाकर देखा तो दंपति मृत पड़े हुए थे।
मृतक मोहिंद्र सिंह और उनकी पत्नी दिलराज कौर की उम्र करीब 70 साल थी। घर की तीसरी मंजिल पर अलग- अलग कमरों में दोनों के शव मिले है। पुलिस को शक है कि दो या तीन दिन पहले हत्या की गई है। घटना के बाद से घर का नौकर भी गायब है।
घर से ज्वेलरी और कैश भी गायब
मृतक के भाई चरणजीत सिंह ने बताया कि पहले केयर टेकर ने दो दिन पहले ही एक केयर टेकर को रखवाया था जो कि सिर्फ रात में घर पर दंपति की देखरेख के लिए रहता था। दिन में ड्राइवर देखरेख करता था। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में केयर टेकर सुबह 5 बजे घर से निकलता है दिखाई दे रहा है। घर ज्वेलरी और कैश भी गायब हैं।
घर से नौकर फरार
मामले में एक प्रमुख संदिग्ध उनका घरेलू नौकर है, जो घर में रहता था, लेकिन अब लापता है। पुलिस लूटपाट की संभावना को भी तलाश रही है और फिलहाल लापता कर्मचारी का पता लगाने की कोशिश कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है। नौकर को ट्रैक करने के लिए इलाके से सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
पहले भी हो चुकी है इस तरह की वारदात
इससे पहले दिन में दिल्ली के अशोक विहार में भी इसी तरह की वारदात की सूचना मिली थी। लुटेरों के एक समूह ने बुजुर्ग दंपत्ति पर हमला किया और उनसे सोने के आभूषण लूट लिए। इसके बाद आरोपी चोरी की कार में सवार होकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित की पहचान ओम प्रकाश अग्रवाल के रूप में हुई है। घटना के समय पीड़ित और उनकी पत्नी घर पर थे। उनके साथ उनकी नौकरानी भी थी, जब तीन से चार हथियारबंद लुटेरे घर में घुसे। इससे घर के अंदर अफरा-तफरी मच गई। आरोपियों ने तीनों को बांध दिया और कीमती सामान लूट लिया और फिर दंपत्ति की हुंडई i10 कार में बैठकर फरार हो गए।